scriptग्रीनलैंड में खजाने की खोज में जुटीं दुनिया की धनी हस्तियां | Billionaires are funding a massive treasure hunt in Greenland | Patrika News
जयपुर

ग्रीनलैंड में खजाने की खोज में जुटीं दुनिया की धनी हस्तियां

आपदा में अवसर : ग्लोबल वार्मिंग से पिघलती बर्फ के बीच खनन कंपनियों ने छेड़ा अभियानग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने वाले खनिज मिलने के आसार

जयपुरAug 10, 2022 / 09:40 pm

Aryan Sharma

ग्रीनलैंड में खजाने की खोज में जुटीं दुनिया की धनी हस्तियां

ग्रीनलैंड में खजाने की खोज में जुटीं दुनिया की धनी हस्तियां

वॉशिंगटन. दुनिया की कई धनी हस्तियां ग्रीनलैंड के पश्चिमी तट पर बर्फ के नीचे खजाने की खोज में जुटी हैं। आर्कटिक और अटलांटिक महासागर के बीच बसे इस देश में ग्लोबल वार्मिंग के कारण बर्फ तेजी से पिघल रही है। इससे निवेशकों और खनन कंपनियों के लिए अवसर के नए द्वार खुले हैं। ग्रीनलैंड में ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने वाले महत्त्वपूर्ण खनिज खोजे जा रहे हैं।
खोज अभियान में जुटे अरबपतियों में जेफ बेजोस, माइकल ब्लूमबर्ग और बिल गेट्स शामिल हैं। उनका मानना है कि ग्रीनलैंड के डिस्को द्वीप और नुसुआक प्रायद्वीप पर पहाडि़यों की सतह के नीचे ऐसे खनिज दबे हुए हैं, जो करोड़ों इलेक्ट्रिक वाहनों को पर्याप्त ऊर्जा दे सकते हैं। कैलिफोर्निया के स्टार्टअप कोबोल्ड मेटल्स के सीईओ कर्ट हाउस का कहना है, ‘हम ऐसे भंडार की खोज कर रहे हैं, जो शायद दुनिया का सबसे बड़ा निकल और कोबाल्ट का भंडार होगा।’ कई हेलिकॉप्टरों और मशीनों के जरिए ग्रीनलैंड के बर्फीले इलाकों को छाना जा रहा है। इस अभियान में पैसा पानी की तरह बहाया जा रहा है।

दुर्लभ धातुएं भी मिलने के आसार
दुनिया में जलवायु परिवर्तन का सबसे ज्यादा असर ग्रीनलैंड पर नजर आ रहा है। इस आपदा को अवसर में बदलने की कोशिश हो रही है। कोबोल्ड मेटल्स के प्रतिनिधियों के मुताबिक अरबपतियों का क्लब खनिजों की खोज में उनकी कंपनी की वित्तीय मदद कर रहा है। कंपनी को उम्मीद है कि ग्रीनलैंड में दुर्लभ धातुएं भी मिल सकती हैं। अभियान के बारे में जेफ बेजोस, ब्लूमबर्ग और गेट्स ने कोई टिप्पणी नहीं की है।

जमीन का डेटा विश्लेषण
ग्रीनलैंड में 30 भूवैज्ञानिक, जियोफिजिसिस्ट, बावर्ची, पायलट और मैकेनिक की टीम ने बर्फीली जमीन के नीचे दुर्लभ धातुओं की खोज के लिए डेरा डाल रखा है। तरह-तरह की मशीनों के जरिए चट्टानों के नीचे जांच की जा रही है। ड्रोन और हेलिकॉप्टर के जरिए भी जमीन के नीचे का डेटा विश्लेषण हो रहा है। अगली गर्मियों में ड्रिलिंग का काम शुरू हो सकता है।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो