
weather
जयपुर
पिछले एक महीने के दौरान राजस्थान में आए आंधी तूफान और बेवजह ओलावृष्टि से करीब तीस लोगों की जान जा चुकी है। अब जो तूफान आ रहा है वह सबसे भारी हैं। इस तूफान के कारण परेशानी और ज्यादा बढ़ सकती है। तूफान की गति गुजरात में एंट्री के समय अभी करीब 130 - 140 किमी प्रति घंटा के हिसाब से है। राजस्थान में पंद्रह तारीख को देर रात तक एंट्री कर सकने वाले इस तूफान की यहां एंट्री करने के बाद स्पीड करीब आधी से ज्यादा यानि अस्सी से सौ किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।
इस दौरान राजस्थान के जोधपुर, उदयपुर , अजमेर संभाग असर सबसे ज्यादा होगा। इन संभागों में स्थित बाड़मेर, बीकानेर, जोधपुर, उदयपुर, चूरू, जैसलमेर, पाली, नागाैर, जोधपुर, सिरोही, राजसमंद में तेज बारिश संभव है और वह भी लगातार 24 घंटे से लेकर चालीस घंटों तक । ऐसे में इन जिलों में खासतौर पर ग्रामीणों और किसाना परिवारों के लिए हालात परेशानी खड़े कर सकते हैं।
मौसम विभाग की माने तो राजस्थान में सात दिनों तक यानि 15 जून से आने वाले सात दिनों तक कई जिलों में भारी बारिश के अलावा आंधी, तूफान और अंधड़ परेशानी पैदा कर सकते हैं। जनता से सावधानी बरतने की अपील की गई है। बिपरजॉय के कारण 58 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। इनमें उत्तर पश्चिम रेलव से गुजरने वाली कम ट्रेनें हैं। बांद्रा टर्मिनस, भुज कच्छ एक्सप्रेस सहित 3 ट्रेनें रद्द रहेंगी। 30 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। राजस्थान में तूफान को लेकर मौसम विभाग का आंकलन है कि चूंकि समुद्र की ओर से आने वाले तूफान धरती पर आते ही हल्के हो जाते हैं। ऐसे में यही उम्मीद लगाई जा रही है कि यह तूफान भी धरती पर आते ही आधी रफ्तार खो सकता है।
Published on:
14 Jun 2023 08:53 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
