Rajasthan BJP: राहुल गांधी का VIDEO दिखाकर गहलोत सरकार को याद दिलाया वादा, जानें क्या कहा?
किसान कर्जमाफी पर भाजपा का फिर सरकार पर ‘हल्लाबोल’, राहुल गांधी का पुराना वीडियो शेयर कर दिलाया वादा याद, सत्ता में आने के 10 दिन के भीतर कर्ज़ा माफ़ करने का वादा, भाजपा का आरोप, ‘दो साल बाद भी नहीं हुआ कर्जा माफ़’, कई सवाल दागकर भाजपा ने पूछ डाले सरकार से जवाब

जयपुर।
प्रदेश में चुनावी सरगर्मियों के बीच भाजपा ने एक बार फिर किसानों की कर्जमाफी का मुद्दा उठाया है। पार्टी ने इस बार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए कर्जमाफी को लेकर किया वादा याद दिलाया है।
सवालों से ‘वार’
प्रदेश भाजपा ने राहुल गांधी के वीडियो के साथ सरकार से कई सवाल करते हुए जवाब देने को भी कहा है। वीडियो पोस्ट करते हुए पार्टी ने पूछा है, ‘क्या हुआ युवराज के वादे का? 10 दिनों में कर्जा माफ करने का दावा करने वाली कांग्रेस दो वर्ष होने पर भी किसानों का कर्जमाफी क्यूं नहीं कर पाई? आखिर विश्व की कौन सी शक्ति ने ऐसा करने से रोका है?’
अशोक गहलोत जवाब दो !
— BJP Rajasthan (@BJP4Rajasthan) December 1, 2020
क्या हुआ युवराज के वादे का ?
10 दिनों में कर्जा माफ करने का दावा करने वाली कांग्रेस दो वर्ष होने पर भी किसानों का कर्जमाफी क्यूं नहीं कर पाई ?
आखिर विश्व की कौन सी शक्ति ने ऐसा करने से रोका है ? pic.twitter.com/FPxZrZFrT3
‘झुठे सपने दिखाकर फुर्र हो जाती है कांग्रेस’
प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता व उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने भी किसान कर्जमाफी पर वादाखिलाफी को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय कांग्रेस झूठे सपने दिखाती है और खत्म होते ही फुर्र हो जाती है। कांग्रेस ने ऐसा ही प्रदेश में सरकार बनने के महज 10 दिनों के भीतर किसान कर्जमाफी का एक झूठा सपना किसानों को दिखाया था। लेकिन 2 वर्ष बाद भी कर्जमाफी नहीं हुई और किसान अब स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
‘दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती’
भाजपा की ओर से जारी किया गया राहुल गांधी का वीडियो विधानसभा चुनाव से ठीक पहले का है। जब एक चुनावी सभा के दौरान राहुल गांधी ने कांग्रेस पार्टी के सत्ता में आने के अगले 10 दिन में ही प्रदेश भर के किसानों का कर्जा माफ़ करने का वादा किया था। वीडियो में राहुल ये तक दावा करते दिखाई दे रहे हैं कि दुनिया की कोई भी शक्ति इस बात को नहीं बदल सकती है कि राजस्थान में किसानों का कर्जा 10 दिन में माफ़ किया जाएगा।‘
अब पाइए अपने शहर ( Jaipur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज