scriptभाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी ने बताए अपने इरादे | BJP's new state president CP Joshi told his intentions | Patrika News
जयपुर

भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी ने बताए अपने इरादे

— जोशी ने अपने पहले भाषण में कहा, चुनाव तक ना सोएंगे ना सोने देंगे

जयपुरMar 28, 2023 / 12:41 pm

Arvind Singh Shaktawat

ne_rajasthan_bjp_chief_cp_joshi.jpg
जयपुर. प्रदेश भाजपा के नव नियुक्त अध्यक्ष सी.पी. जोशी ने पदभार ग्रहण कर लिया है। इस दौरान बड़ी संख्या में प्रदेशभर से आए कार्यकर्ता और नेता शामिल हुए। लंबे समय बाद पार्टी में गुटबाजी जैसी स्थिति नहीं दिखी। पदभार ग्रहण करने के बाद आयोजित सभा में जोशी ने मंच से अपने इरादे भी साफ कर दिए और कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि वे भी आम कार्यकर्ता ही हैं। राज्य की अशोक गहलोत सरकार पर जुबानी हमला करते हुए उन्होंने कहा कि न सोएंगे और न ही सोने देंगे। विधानसभा चुनाव में छह माह बचे हैं। छह माह बाद इस सरकार को उखाड़ फेकेंगे। जोशी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आप सभी को मेरी कसम है। कभी मेरे लिए नारे नहीं लगाएं। पार्टी को किसी कार्यकर्ता को जिम्मेदारी देनी थी। इसलिए मुझे अध्यक्ष बनाया गया है। हम सब मिलकर काम करेंगे। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के एक गाड़ी में बैठने जितने विधायक भी नहीं आएंगे।
भाजपा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष सी.पी.जोशी ने कहा कि हमें स्वागत सत्कार में समय बर्बाद नहीं करना है। पूरे राजस्थान में केंद्र की योजनाओं का प्रचार करना है। रेलवे का बजट हो या फिर राम मंदिर का निर्माण। हमें इन सबके होर्डिंग लगाने हैं, न की नेताओं के। वे सोमवार को भाजपा कार्यालय में पदभार ग्रहण करने के बाद आयोजित सभा में बोल रहे थे। जोशी ने गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उदयपुर में कन्हैया की नहीं, बल्कि कांग्रेस सरकार की गर्दन कटी है। जिन्होंने कन्हैया के दोषियों को पकड़वाने में मदद की थी। उन्हें धमकी मिल रही है। यदि उनका बाल भी बांका हो गया तो अच्छा नहीं होगा।
दिल्ली से लेकर जयपुर तक स्वागत : इससे पहले जोशी का दिल्ली से रवाना होने के बाद सबसे पहले गुरुग्राम, भिवाड़ी, शाहजहांपुर बॉर्डर, बहरोड, कोटपूतली, विराट नगर, पावटा, शाहपुरा, आमेर और जयपुर में स्वागत किया गया। जयपुर ग्रामीण सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ उनकी गाड़ी चला रहे थे। दिल्ली से जोशी की गाड़ी में केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी, सांसद पी.पी. चौधरी, बाबा बालकनाथ साथ आए थे। प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने सभा में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, वसुंधरा राजे, घनश्याम तिवाड़ी, किरोड़ी लाल मीणा के नहीं आने का कारण बताते हुए उनके शुभकामना संदेश जोशी को सुनाए।
जोशी ने लिया चार नेताओं के नाम : जोशी ने मंच से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, अशोक परनामी, अरुण चतुर्वेदी, सतीश पूनिया का नाम लेते हुए कहा कि उन्होंने इनके साथ काम किया है।

Home / Jaipur / भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी ने बताए अपने इरादे

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो