Mousam: दिसंबर में पहली बार सूर्यदेव मेहरबान, प्रदेशभर में टूट रहे रेकॉर्ड
10 दिसंबर के बाद कम होगा दिन का तापमान

जयपुर। राजधानी जयपुर सहित प्रदेशभर में दिसंबर में रात में सर्दी से लोगों की कंपकंपी छूट रही है। वहीं दिन में सूर्यदेव तेवर दिखा रहे हैं। प्रदेश में लगातार गर्मी के कई साल के रेकॉर्ड भी टूट रहे हैं। भले ही बात जयपुर की हो या फिर जैसलमेर, चूरू, बाड़मेर या जोधपुर की हो। बीते दिन बाड़मेर में दस साल का और चूरू में आठ साल का गर्मी का रेकॉर्ड दिसंबर महीने में टूटा। प्रदेश में उत्तरी हवाओं के प्रभाव कम होने के कारण और मौसम साफ रहने से लगातार दिन के तापमान में बढ़ोतरी का दौर जारी है। साथ ही बीते दिन शुक्रवार रात को न्यूनतम तापमान में भी दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। राजधानी जयपुर के दिन के तापमान में बीते दो दिनों में रात के तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
यहां दिन का तापमान अधिक
शुक्रवार को बाड़मेर का 34.4 डिग्री, जैसलमेर का 33 डिग्री, फलौदी का 33.2 डिग्री, जोधपुर का 32.2 डिग्री, चूरू का 33.6 डिग्री, श्रीगंगानगर का 30 डिग्री, अजमेर का 32 डिग्री, भीलवाड़ा का 32.4 डिग्री, जयपुर का 30.9 डिग्री, पिलानी का 32.9 डिग्री, सीकर का 30.2 डिग्री, कोटा का 30.9 डिग्री, चित्तौड़ का 32.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बीते आठ दिनों में प्रदेश में विभिन्न जगहों का तापमान कई रेकॉर्ड तोड़ चुका है। इन जगहों पर दिसंबर महीने में पहली बार आठ साल में सबसे ज्यादा तापमान इस साल दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी दस दिसंबर के बाद कुछ जगहों के अधिकतम तापमान में गिरावट होना तय है। इसमें 5 से 6 डिग्री की गिरावट होगी।
माउंटआबू का तापमान एक डिग्री बढ़ा
प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन माउंटआबू का तापमान बीती रात को एक डिग्री बढ़कर पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जयपुर का तापमान 14.5 डिग्री, भीलवाड़ा का 9.6 डिग्री, सीकर का 9 डिग्री, चूरू का 9.8 डिग्री, श्रीगंगानगर का 10.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
अब पाइए अपने शहर ( Jaipur News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज