scriptराजस्थान से राज्यसभा जाने की जुगतः  कतार में कांग्रेस के कई केंद्रीय नेता, जून में 4 सीटों पर होगा चुनाव | Elections on four Rajya Sabha seats of Rajasthan in month of June | Patrika News
जयपुर

राजस्थान से राज्यसभा जाने की जुगतः  कतार में कांग्रेस के कई केंद्रीय नेता, जून में 4 सीटों पर होगा चुनाव

-संख्या बल के हिसाब से 3 सीट कांग्रेस और 1 सीट भाजपा को जाएगी, एक सीट स्थानीय और 2 सीट केंद्रीय नेताओं को दिए जाने की चर्चा, जुलाई 2022 में 10 में से 6 सीटों पर हो जाएगा कांग्रेस पार्टी का कब्जा, अल्पसंख्यक नेताओं को ऑफर की जाएगी एक सीट

जयपुरJan 22, 2022 / 11:56 am

firoz shaifi

फिरोज सैफी/जयपुर।

प्रदेश में इसी साल जुलाई माह में राज्यसभा की 4 सीटें खाली हो रही हैं और इन 4 सीटों को भरने के लिए चुनाव होगा। संख्या बल के लिहाज से कांग्रेस पार्टी को तीन और एक सीट भाजपा के खाते में जाएगी। ऐसे में कांग्रेस के कई केंद्रीय नेताओं ने अभी से ही राजस्थान से राज्यसभा जाने की जुगत लगाने की कवायद शुरू कर दी है। हालांकि राज्यसभा चुनाव में अभी 6 माह का समय बचा है लेकिन बावजूद इसके, कांग्रेस पार्टी में राज्यसभा जाने के लिए लॉबिंग शुरू हो गई है।

इन राज्यसभा सांसदों की होंगी सीटें खाली
जुलाई माह में जिन चार भाजपा सांसदों की सीटें खाली होंगी, उनमें ओम प्रकाश माथुर, के.जे. अल्फोंस, रामकुमार वर्मा और हर्षवर्धन सिंह डूंगरपुर हैं। इन सभी का कार्यकाल 4 जुलाई 2022 को पूरा हो रहा है।

सुरजेवाला और मुकुल वासनिक के नाम चर्चा में
कांग्रेस पार्टी के विश्वस्त सूत्रों की माने तो 3 में से 2 सीट कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं को ऑफर हो सकती है। एक सीट पर स्थानीय कांग्रेस नेता को राज्यसभा में भेजा जा सकता है। माना जा रहा है कि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला और मुकुल वासनिक में से किसी एक को यहां से राज्यसभा भेजा जा सकता है। हालांकि इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह और पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल भी राजस्थान से राज्यसभा भेजे गए थे।

राजस्थान से अल्पसंख्यक नेता को भेजा जा सकता है राज्यसभा
कांग्रेस में उच्च स्तर पर चर्चा यह भी है कि अल्पसंख्यक वर्ग की नाराजगी दूर करने के लिए इस बार किसी अल्पसंख्यक नेता को राज्यसभा भेजा जा सकता है। बताया जाता है कि पूर्व सांसद दुर्रू मियां, अश्क अली टांक, पार्टी के राष्ट्रीय सचिव जुबेर खान और महिला कांग्रेस की प्रदेशीध्यक्ष रेहाना रियाज में से किसी एक को राज्यसभा भेजा जा सकता है।

जून 2019 से पहले सभी 10 सीटों पर था भाजपा का कब्जा
वहीं जून 2019 से पहले राजस्थान की सभी 10 राज्यसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा था, लेकिन जून 2019 में भाजपा सांसद मदन लाल सैनी के देहांत से खाली हुई राज्यसभा सीट पर कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को चुनाव मैदान में उतारा था। हालांकि तब भाजपा ने उनके सामने कोई प्रत्याशी नहीं उतारा था जिससे मनमोहन सिंह निर्विरोध चुने गए थे।

उसके बाद जून 2020 में 3 सीटों पर हुए राज्यसभा चुनाव में संख्या बल के लिहाज से 2 सीटें कांग्रेस पार्टी के खाते में गई थी और एक सीट भाजपा के खाते में गई थी। अब जून 2022 में 4 सीटों पर चुनाव होने हैं जिनमें से 3 सीटें कांग्रेस पार्टी खाते में जाएगी और एक सीट भाजपा खाते में जाएगी। इस लिहाज से 10 में से 6 सीटों पर कांग्रेस पार्टी का कब्जा हो हो सकता है।

Home / Jaipur / राजस्थान से राज्यसभा जाने की जुगतः  कतार में कांग्रेस के कई केंद्रीय नेता, जून में 4 सीटों पर होगा चुनाव

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो