scriptप्रदेश में गर्मी का रेड अलर्ट, कर्फ्यु जैसे बन गए हालात……. | heat waves in rajasthan | Patrika News
जयपुर

प्रदेश में गर्मी का रेड अलर्ट, कर्फ्यु जैसे बन गए हालात…….

प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में झुलसाती गर्मी से आमजन पस्तदिन में आसमान से बरसती आग ने बदली लोगों की दिनचर्या………

जयपुरMay 28, 2018 / 11:16 am

anand yadav

hot weather

Rajasthan weather alert

जयपुर। प्रदेशभर में गर्मी का रौद्र रूप बना हुआ है। दिन में आसमान से अंगारे बरस रहे हैं तो रात में भी गर्म हवा के थपेड़ों से आमजन पस्त हो चुका है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो आगामी चौबीस घंटे में प्रदेश का पश्चिमी इलाका रेड अलर्ट पर रहेगा और दिन में पारा 45 डिग्री व उसके पार ही रहने वाला है। सूर्योदय के साथ ही धूप की शुरू हो रही तपिश का असर सूर्यास्त के बाद तक रहने से दिन में प्रदेश के कई शहरों में कर्फ्यु जैसे हालात बन गए हैं। वहीं दूसरी तरफ पूर्वोत्तर के कुछ इलाकों में अगले कुछ दिनों में गर्मी के तीखे तेवरों से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद मौसम विभाग जता रहा है। जम्मु कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में चक्रवाती तंत्र सक्रिय होने व छितराई बौछारों के असर से प्रदेश के पूर्वोत्तर भागों में गर्मी के तेवर थोड़े नर्म रहने की उम्मीद है।

बीते चौबीस घंटे में राजधानी समेत प्रदेश के कई इलाकों में पारा 45 डिग्री व उसके पार दर्ज हुआ। दिन में मानों आसमान से आग बरस रही है जिसके चलते राजधानी की सड़कों पर सन्नाटा पसर रहा है तो सूर्यास्त के बाद भी सामान्य दिनों की तुलना में लोगों की आवाजाही कम नजर आ रही है। बीती रात पश्चिमी इलाकों में रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई। बाड़मेर और बीकानेर में बीती रात पारा 29.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ वहीं सवाई माधोपुर 29.3, डबोक और जयपुर में न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जयपुर में बीती रात के तापमान में एक डिग्री गिरावट दर्ज हुई लेकिन दिन की तपिश के कारण रात में गर्मी से लोग बेचैन रहे। अजमेर में न्यूनतम तापमान 26.0 रहा वहीं मैदानी इलाकों में भीलवाड़ा में सबसे कम 24.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ है।
जयपुर में आज सुबह छह किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बही पश्चिमी हवा ने झुलसाया। आज सुबह नौ बजे अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा वहीं स्थानीय मौसम केंद्र ने आज शहर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री व उससे ज्यादा रहने का अंदेशा व्यक्त किया है।
मंगलवार शाम तक दक्षिण पश्चिमी मानसून केरल तट पर उपस्थिति दर्ज करा सकता है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अरब सागर के दक्षिणी भाग में बन रही अनुकूल परिस्थितियों के कारण दक्षिण पश्चिमी मानसून मंगलवार शाम तक केरल तट पहुंचने की उम्मीद है।

Home / Jaipur / प्रदेश में गर्मी का रेड अलर्ट, कर्फ्यु जैसे बन गए हालात…….

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो