पुलिस के अनुसार, रामकल्याण गुर्जर और पूजा 23 जनवरी को शाम शगुन गेस्ट हाउस के सैकंड फ्लोर में कमरा नंबर 6 में ठहरे थे। 24 जनवरी को दोनों घूमने निकले और देर शाम को गेस्ट हाउस लौटे। इसके बाद 25 जनवरी को सुबह पांच बजे रामकल्याण गेस्ट हाउस के कमरे की कुंदी लगाकर फरार हो गया। रामकल्याण सुबह करीब पांच बजे गेस्ट हाउस के सीसीटीवी कैमरों में बाहर जाता दिख रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। सहायक पुलिस आयुक्त पूनम चंद विश्रोई ने बताया कि शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे हत्या की सूचना मिली।
सुबह करीब साढ़े आठ बजे गेस्ट हाउस कर्मचारी किराया लेने गया तो कमरे के गेट की कुंदी बाहर से बंद थी। आवाज लगाने पर किसी ने कोई जवाब नहीं दिया। कमरा खोलकर देखा तो युवती अचेत पड़ी थी। उसने गेस्ट हाउस संचालक राजेन्द्र गुर्जर को मामले की सूचना दी। मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकार साक्ष्य जुटाए हैं। प्रथमदृष्टया सामने आया है कि युवती की चुन्नी व हाथ से ही गला दबाया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि रामकल्याण पहले भी इसी गेस्ट हाउस में रुक चुका है। वह अपने दोस्त नीरज फागणा के साथ 8 जनवरी को आया था। स्थानीय लोगों ने बताया कि गेस्ट हाउस में अक्सर लड़के-लड़कियां ही आते हैं। यहां अक्सर संदिग्ध गतिविधियां होती हैं। यहां लड़के शराब पीकर रात्रि में कॉलोनी में घूमते रहते हैं।