
शहर के आकाशवाणी केन्द्र में बनेगा पीकॉक गार्डन, बच्चे ले सकेंंगे मोरोन संग सेल्फी
जयपुर। देश के विभिन्न राज्यों की लोक कला जब मंच पर ठेठ देशी अंदाज में उतरी तो, सभागार में मिट्टी की खुश्बू में लिपटी प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। जी-20 सम्मेलन के तहत आकाशवाणी, जयपुर की ओर से रवीन्द्र मंच के मुख्य सभागार में शुक्रवार को सांस्कृतिक कार्यक्रम 'रज लीला' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल, पंजाब, छत्तीसगढ़, झारखंड, गुवाहाटी और राजस्थानी लोकगीतों-लोकनृत्यों की सतरंगी प्रस्तुतियों से माहौल जोश से भर गया। चमक-दमक से दूर कलाकारों ने लोक कलाओं से अपने प्रदेश की संस्कृति को मंच पर साकार किया।
आकाशवाणी में बनेगा पीकॉक गार्डन
मुख्य अतिथि सांसद रामचरण बोहरा ने उद्बोधन में आकाशवाणी परिसर में विचरने वाले 150 से ज्यादा मोरों के लिए केन्द्र अध्यक्ष सतीश देपाल को पीकॉक गार्डन बनाने के लिए कहा। उन्होंने सांसद कोष से 3 लाख रुपए देने की घोषणा की। साथ ही बच्चों के लिए सप्ताह में एक दिन खोलने को कहा।
राजस्थानियों ने राम मंदिर निर्माण में दिये 4.5 करोड़
बोहरा ने केन्द्र सरकार के नौ साल में किए महत्वपूर्ण काम भी गिनाए। उन्होंने कहा कि क्योंकि राम सभी के हैं इसलिए राम मंदिर निर्माण में सबका सहयोग लिया गया। जनवरी 2024 तक देशवासी राम मंदिर के दर्शन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि मंदिर के लिए देश में सबसे ज्यादा 4.5 करोड़ रुपए का दान राजस्थानियों ने दिया।
मंच पर दिखी अव्यवस्था, नहीं जुटे दर्शक
सरकारी कार्यक्रम होने के बावजूद, मंच पर अव्यवस्था ने लोक कलाकलाकारोंं को परेशान भी किया। मंच पर कोलकाता से आए बाउल गायन के लोक कलाकार कार्तिक दास और उनके साथियों की परफॉर्मेंस के दौरान तबले का माइक काम नहीं कर रहा था। एक गीत पूरा होने के बाद एंकर्स के माइक से खराब माइक को रिप्लेस किया गया। दर्शक भी कार्यक्रम में गिने-चुने ही पहुंचे। सभागार में ज्यादातर अन्य राज्यों से आए कलाकार और आकाशवाणी के स्टाफ व उनके परिजन ही थे।
Updated on:
2 Sep 2023, 4:08 PM IST
Published on:
2 Sep 2023, 4:08 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.