scriptराजस्थान का रण: पांच साल निकले, जनता के वही मुद्दे व वही मांगें | rajasthan ka ran: special report on assembly election 2018 | Patrika News
जयपुर

राजस्थान का रण: पांच साल निकले, जनता के वही मुद्दे व वही मांगें

पत्रिका टीम पहुंची उन बूथ पर जहां 2013 के विधानसभा चुनाव में भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशी सबसे ज्यादा वोट लेकर आए थे।

जयपुरSep 16, 2018 / 09:40 pm

Kamlesh Sharma

rajasthan ka ran
जयपुर। पत्रिका टीम पहुंची उन बूथ पर जहां 2013 के विधानसभा चुनाव में भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशी सबसे ज्यादा वोट लेकर आए थे। बूथ के तहत आने वाले मतदाताओं से विकास के मुद्दे पर बात कीं तो सामने आया कि समस्याएं अब भी वही की वही हैं।
कचरे के साथ फोटो ले लो
हाउसिंग बोर्ड सेक्टर तीन का चौराहा। यहां पूरे शास्त्री नगर इलाके से लेकर लंकापुरी, भट्टा बस्ती और अमानीशाह नाले तक की सबसे बड़ी सब्जी मंडी है। इलाके की अर्थव्यवस्था भी कमोबेश इसी मंडी पर आधारित है, या फिर सबसे ज्यादा मोटर मैकेनिक वर्कशॉप हैं। मंडी के अधिकतर व्यापारी वर्षों से यहीं रहते आए हैं।
यह वही सेक्टर तीन है, जहां के बूथ नम्बर 16 पर मौजूदा भाजपा विधायक और मंत्री अरुण चतुर्वेदी को पूरे विधानसभा क्षेत्र में किसी भी एक बूथ के सर्वाधिक वोट मिले थे। मोटे तौर पर क्षेत्र सिंधी या अल्पसंख्यक बहुल है। व्यापारियों से बातचीत में पता चला कि यह इस क्षेत्र का बड़ा चुनावी मुद्दा पांच साल पहले भी था और आज भी बरकरार है।
मंडी के फल-सब्जी विक्रेता एवं ठेला व्यवसायी संघ के संयोजक हरीश असरानी कहते हैं कि व्यापारी थडि़यों पर सीमेंटेड छत और पट्टे की मांग पिछले कई वर्ष से कर रहे हैं, लेकिन अब तक यह मांग पूरी नहीं हो पाई।
मंडी व्यापारियों का वोट इस बार उसी को जाएगा, जो यह मांग पूरी करेगा। कपड़ा, घरेलू उपकरण, राशन जैसी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरी करने वाली कई दुकानें यहां हैं, लेकिन बारिश करीब आधे घंटे चली तो पूरे बाजार में फटी-टूटी सड़कें पानी और कीचड़ से लबालब हो गई थीं। जूतों की एक दुकान पर पूछा कि इस बारे में कभी आवाज नहीं उठाते तो जबाव मिला कि कोई संगठित व्यापार मंडल बाजार में है ही नहीं।
सड़क के किनारे पर कचरे का ढेर भी नजर आया। संवाददाता ने वहां फोटो और वीडियो बनाने की प्रक्रिया शुरू की ही थी कि वहीं पास ही एक थड़ी पर मौजूद विनोद आगे आया। बोला, भाई साहब…मेरी इस कचरे के साथ फोटो ले लो…ऐसा क्यों…तो उसने कहा कि कह कहकर थक गए हैं।
सुबह से शाम तक यहां कचरे का ढेर लगा रहता है। पानी 10 से 15 मिनट ही आता है। यहीं खड़े सलाउद्दीन ने कहा कि वोट किसे भी दो…इसमें क्या रखा है…आप हाल तो देख ही रहे हो, वोट मिलने के बाद जनता की कोई नहीं सुनता।
ये बोले पार्टी कार्यकर्ता
पिछली बार भाजपा के पक्ष में बम्पर वोटिंग का कारण उसका ‘तय’ वोट बैंक था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। हमने भी हर बूथ पर मेहनत कर कई नए नाम जुड़वाए हैं।
नवीन शर्मा, अध्यक्ष कांग्रेस, वार्ड 23
स्थानीय विधायक और सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री अरुण चतुर्वेदी ने अल्पसंख्यकों के लिए कई सरकारी योजनाओं में लाभ पहुंचाया है। इसका फायदा इलाके में भाजपा को मिलेगा।
राजेश तांबी, कार्यकर्ता, भाजपा

मतदान केन्द्र:
संत जयाचार्य कॉलेज
1012 वोट
2013 में मतदान

782 वोट
भाजपा को मिले


वोट लेकर गए, उन्हीं से पूछो
सिविल लाइंस का यह इलाका क्षेत्र के बिल्कुल मध्य स्थित है। इसके एक ओर अजमेर रोड, दूसरी और संसारचंद्र रोड और एक हिस्से में एमआई रोड है। शहर की सबसे प्रमुख सड़कों से घिरे इस क्षेत्र से सटा विधायकपुरी भी है। इलाके में शालीमार बाग की ओर से प्रवेश करने पर पहले मैदानी समतल सडक और इसके बाद चढ़ाई वाली पहाड़ी तरह की सड़क नजर आई।
यहीं पर ऊपर की तरफ जाने पर सरदार बस्ती के किनारे एक व्यक्ति ने नाम बताने से तो इनकार किया, लेकिन उसने कहा कि यहां की सड़क की चौड़ाई बढऩी है। उसने सड़क के दोनों तरफ दीवार भी बताई कि यहां से वहां तक यह सड़क होनी है, जो 60 फीट की प्रस्तािवत है। इससे थोडा पहले घूमे, वहां एक व्यवसायी से क्षेत्र की राजनीति पर पूछताछ की तो उसने कहा कि यहां के पार्षद इसी कार्यकाल में पहले महापौर रहे निर्मल नाहटा हैं।
यहीं एक व्यवसायी से बात करने पर वह बोला समस्याएं तो हैं, लेकिन समस्याएं क्या हंै, इसकी जानकारी देने से उसने इनकार ही कर दिया…जवाब मिला कि जो वोट लेकर जाते हैं, उन्हीं से पूछो। समस्याओं के बारे में वे अधिक कुछ नहीं बता पाए। यहां आगे चलने पर होटल अच्छी खासी संख्या में नजर आए। इनके आस पास सडकें बेहतर स्थिति में थी, लेकिन बीच बीच में कुछ जगह टूटी सडकें भी यहां थी।
क्षेत्र के ही निवासी फोजा सिंह ने बताया कि मारवाड़ी कच्ची बस्ती, हथरोई आदि इलाके में पेयजल की बडी समस्या है। यहां पानी बेहद कम आता है। यह समस्या अब स्थायी सी होती जा रही है।
विधायकपुरी से सटे इलाके में रोड लाइट्स की समस्या काफी है। रात के समय यहां से निकलना मुश्किल होता है, अंधेरा पसरा रहता है। यहीं के निवासी अजीत सिंह ने बताया कि विधायकपुरी की तरफ वन वे किया हुआ है।
जिसके कारण यहां के स्थानीय निवासियों को भी लंबा चक् कर लगाकर आना पड रहा है। इस समस्या के बारे में कई बार अवगत कराया गया। लेकिन वैकल्पिक रास्ता नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि शनि मंदिर के पास से यहां के लिए वैकल्पिक रास्ता दिया जा सकता है। लेकिन इस और ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
ये बोले कार्यकर्ता
क्षेत्र में गंदगी और साफ सफाई की समस्याएं भी हैं। पुरानी पेयजल लाइने हैं, जो जर्जर हैं। सीवरेज चोक रहती है। इस कारण पानी मिक्स होकर दूषित भी रहता है।
इकबाल कुरैशी, अध्यक्ष, वार्ड 23, कांग्रेस
नगर निगम पूरे शहर में विकास कार्य करा रहा है। हमारे वार्ड में सभी सुविधाएं विकसित हैं। पक्की सड़कें यहां हैं, गंदगी आपको बमुश्किल नजर आएगी। अन्य जो मुद्दे हैं, उनका भी निराकरण किया जाता है।
महेन्द्र पंवार, भाजपा कार्यकर्ता, वार्ड 26
मतदान केन्द्र: कार्यालय भू प्रबंध अधिकारी, गोपालबाड़ी
969 वोट
2013 में मतदान

839 वोट
कांग्रेस को मिले

Home / Jaipur / राजस्थान का रण: पांच साल निकले, जनता के वही मुद्दे व वही मांगें

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो