scriptराजस्थान : अब स्कूली बच्चियों से रेप मामलों पर घिरी Ashok Gehlot सरकार, जानें Vasundhara Raje ने क्या कहा? | Rajasthan Vasundhara Raje Takes on Ashok Gehlot | Patrika News
जयपुर

राजस्थान : अब स्कूली बच्चियों से रेप मामलों पर घिरी Ashok Gehlot सरकार, जानें Vasundhara Raje ने क्या कहा?

स्कूलों में छात्राओं से बलात्कार के मामले, 24 घंटे के दरम्यान अलवर-भीलवाड़ा में घटनाएं, छात्राएं की सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवाल, गहलोत सरकार पर हमलावर हुई भाजपा, भाजपा नेता बोले, ‘अब प्रियंका गांधी लें सुध’

जयपुरDec 08, 2021 / 01:20 pm

Nakul Devarshi

Rajasthan Vasundhara Raje Takes on Ashok Gehlot

जयपुर।

राजस्थान के अलवर और भीलवाड़ा में शिक्षकों द्वारा स्कूली छात्राओं से बलात्कार किये जाने की एक के बाद एक दो घटनाएं सामने आने के बाद सियासी पारा फिर गरमा गया है। महज़ 24 घंटे के दौरान हुई इन घटनाओं का ज़िक्र करते हुए अब प्रदेश भाजपा के नेता सरकार को घेर रहे हैं। पार्टी नेता प्रदेश में क़ानून व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए गहलोत सरकार पर निशाना साध रहे हैं।

 

सहन सीमा से बाहर हैं ये घटनाएं: राजे

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अलवर के बहरोड़ में सामने आये सामूहिक दुष्कर्म घटना पर कहा कि यह घटना सहनसीमा के बाहर है। उन्होंने कहा कि हमारी बेटियां यदि स्कूल में ही सुरक्षित नहीं हैं, तो फिर प्रदेश में कौन सुरक्षित है?हमारी सरकार ने दुष्कर्म के आरोपियों को फांसी की सजा का कानून बनाया था।कांग्रेस सरकार जवाब दे कि वह क्या कदम उठा रही है?

 

दुष्कर्मियों पर हो सख्त कार्रवाई : पूनिया

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया ने कहा कि अलवर में छात्रा से गैंगरेप मामले में अलवर कलेक्टर और एसपी से फोन पर बात कर मामले की जानकारी लेकर दुष्कर्मियों के खिलाफ कानूनन सख्त कार्रवाई की मांग की है। पूनिया ने कहा कि सरकार को इस मामले पर तुरंत संज्ञान लेकर पीड़िता व उनके परिवार को न्याय दिलाया जाना चाहिए, जिससे अपराधियों पर शिकंजा कसा जा सके और प्रदेश की बहन बेटियों को सुरक्षित माहौल मिल सके।

 

लचर कानून व्यवस्था ज़िम्मेदार: राठौड़
भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा है कि छात्राओं से गैंगरेप के मामले अत्यन्त शर्मनाक एवं शिक्षा के पवित्र मंदिर को कलंकित करने वाली हैं। राठौड़ ने कहा कि प्रदेश में छात्राओं के साथ दुष्कर्म का यह पहला मामला नहीं है। अक्टूबर में भी झुंझुनूं के सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल द्वारा 7वीं की छात्रा से दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। विद्यालयों में छात्राओं के साथ दुष्कर्म व छेड़छाड़ की बढ़ती घटनाओं के लिए प्रदेश की लचर कानून व्यवस्था जिम्मेदार है।

 

‘ध्यान दीजिये प्रियंका गांधी’
उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने आरोप लगाते हुए कहा कि गहलोत सरकार को बहन-बेटियों की सुरक्षा से कोई लेना-देना नहीं है। वहीं उन्होंने कहा कि यूपी में ”लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ” का नारा देकर महिलाओं-लड़कियों के प्रति संवेदनशील होने का ढोल पीटने वाली कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को राजस्थान में बढ़ते महिला अपराधों पर ध्यान देना चाहिए।

 

‘एशिया में नंबर वन बनेगा राजस्थान’

राठौड़ ने कहा कि एनसीआरबी के नवीनतम आंकड़ो के अनुसार दुष्कर्म के मामलों में राजस्थान वर्ष 2019 के बाद 2020 में फिर से देश में पहले पायदान पर है। अगर राज्य में महिलाओं के साथ अपराध की यही स्थिति रही, तो वो दिन दूर नहीं जब देश ही नहीं बल्कि एशिया में राजस्थान दुष्कर्म के मामलों में पहले स्थान पर आ जाएगा।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो