जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक आरएस शर्मा के मुताबिक सोमवार व मंगलवार के लिए दस जिलों में शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं रविवार को भी शीतलहर चलेगी। साथ ही चार जिलों में कोहरे की संभावना भी जताई है। रविवार को जयपुर, जोबनेर , सीकर, गंगानगर में कोहरा छाया रहा, ठंडी हवाओं के चलने के साथ ही गलन भरी सर्दी रही। जयपुर के सुबह का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि बाद में सूर्यदेव ने बीच बीच में दर्शन दिए।
इसलिए बदलेगा मौसम का मिजाज:
मौसम विभाग के मुताबिक एक बार पुनः हिमालय से आने वाली उत्तरी हवाओं का प्रभाव शुरू होने से आगामी सप्ताह में गिरावट होने की संभावना है। उत्तरी राजस्थान के शेखावटी संभाग के जिलों में न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज होने के आसार हैं।शर्मा ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्र में समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर से 4.5 किलोमीटर के बीच स्थित है। इसके बाद अब उत्तरी हवाओं का असर तेज हो जाएगा। जिसके कारण अगले 48 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में चार डिग्री की गिरावट होगी।
यहां के लिए आगामी चार दिन के लिए अलर्ट:
आज से झुंझुनू, सीकर, अजमेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चुरू व नागौर जिलों में शीत व अति शीत लहर चलने की चेतावनी जारी की । इसके साथ ही जयपुर, टोंक, दौसा, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर व जोधपुर जिलों में घने कोहरे की चेतावनी दी गयी है। यह अलर्ट गुरुवार तक के लिए जारी किया है।
प्रमुख जगहों का तापमान:
प्रदेश में शनिवार को बीती रात का सबसे कम तापमान माऊंट आबू का शून्य, जोबनेर का तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर का 9.7, बीकानेर-चुरू का 6.8, गंगानगर का 6.1, भीलवाड़ा का 6, वनस्थली का 6.8, पिलानी का 6.9, सीकर का 7 , जैसलमेर का 8 डिग्री तापमान सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। माऊंट आबू का पारा एक बार फिर जमाव बिंदु पर दर्ज किया गया, इससे आसपास की जगहों पर बर्फ की परत जम गई। अन्य 10 से ज्यादा जगहो पर रात का तापमान 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया। वही शनिवार का दिन का अधिकतम तापमान चितोड़ का तापमान 28.9, डबोक का 28.6, जयपुर का 25.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।