
Ram Navami 2023: राम जन्मोत्सव का उल्लास, विशेष योग संयोग में आज मनाई जा रही रामनवमी
जयपुर। सर्वार्थ सिद्धि व अमृत सिद्धि योग और गुरु पुष्य के विशेष संयोग में आज रामनवमी का उल्लास नजर आ रहा है। कुल की परंपरानुसार जहां घर—घर नवमीं पूजन और देवी की आराधना हो रही है, वहीं शहर के श्रीराम मंदिरों में श्रीरामजी की जन्म की खुशियां बिखर रही है। राम मंदिरों में दोपहर में भगवान राम लला का जन्माभिषेक होगा। भए प्रकट कृपाला दीनदयाला... के साथ राम जन्मोत्सव का शंखनाद होगा। हवाई गर्जना के बीच खुशियां मनाई जाएगी। मंदिरों में दिनभर विशेष झांकी के दर्शन होंगे। रामलला को झूले में विराजमान कर झुलाया जाएगा। भगवान को खीर, फल, मिष्ठान, पंचामृत, तुलसी और फूल माला अर्पित किए जाएंगे। वहीं शहर में शाम को श्रीराम नगर भ्रमण पर निकलेंगे।
500 वर्ष पुराने श्री रामलला के चतुर्भुज विग्रह की निकली शोभायात्रा
उत्तर भारत की प्रमुख श्री वैष्णव पीठ गलताजी में पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशाचार्य के सान्निध्य में रामनवमी महोत्सव मनाया जा रहा है। 500 वर्ष से भी अधिक प्राचीन श्री रामलला के चतुर्भुज विग्रह की सुबह श्री गलता पीठ से श्रीनिवास के बालाजी तक शोभायात्रा निकाली गई। श्री गलता पीठ के युवराज स्वामी राघवेन्द्र ने बताया कि श्रीराम जन्मोत्सव के तहत दोपहर 12 बजे भगवान श्रीराम का 21 तोपों की गर्जनाओं के साथ जन्म होगा। स्वामी अवधेशाचार्य भगवान श्री राम के अतिप्राचीन एवं दिव्य विग्रहों का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक करेंगे। फल, फलों के रस, पंचामृत, सर्व औषधि, पंचमेवा द्रव्य से सहस्रधारा की जाएगी। शंख-चक्र से तिरुमंजन अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद भगवान का आकर्षक शृंगार कर सामूहिक महाआरती की जाएगी।
रामजी को धारण करवाए जाएंगे रजवाड़ी आभूषण
चांदपोल बाजार के मंदिरश्री रामचन्द्रजी में चल रहे जन्मोत्सव का मुख्य आयोजन हो रहा है। चांदपोल बाजार स्थित मंदिर रामचंद्र जी में रामनवमी महोत्सव मनाया जा रहा है। सुबह मंगला से विशेष पूजा अर्चना शुरू हुई। सुबह 11 बजे ठाकुर जी महाराज का पंचामृत अभिषेक शुरू किया जाएगा। 500 किलो दूध में इत्र, गुलाब, केशर, केवड़ा मिलाकर अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद श्रृंगार किया जाएगा। राम दरबार को रत्न जडि़त जरदोजी लगी पोशाक पोशाक धारण करवाई जाएगी। हीरे, मोती, पन्ना, माणक, नीलम, सोना-चांदी के विशेष रजवाड़ी आभूषण धारण कराए जाएंगे। दोपहर 2:50 बजे आरती में पंजीरी और पंचामृत वितरण होगा। रामलला के जन्म पर 21 हजार लड्डुओं का प्रसाद वितरण किया जाएगा। शाम को महाआरती की जाएगी।
श्री खोले के हनुमान मंदिर में होगा राजतिलक
श्री खोले के हनुमान मंदिर में रामनवमी पर सुबह 6 बजे श्रीराम का 108 औषधि द्रव्यों, विभिन्न तीर्थों के जल से मंत्रोच्चारण के साथ स्नान, षोडशोपचार पूजन, अभिषेक, श्रृंगार किया गया। राजभोग के बाद दोपहर 12 बजे महाआरती होगी। श्री नरवर आश्रम सेवा समिति के महामंत्री बृजमोहन शर्मा ने बताया कि चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन से प्रारंभ नवाह्नपारायण के पाठ रात्रि 8:30 बजे पूर्ण होने बाद श्रीराम का राजतिलक किया जाएगा।
Published on:
30 Mar 2023 09:25 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
