scriptबैठक से गैर हाजिर रहे युवा कांग्रेसियों पर गाज, 43 पदाधिकारियों को कारण बताओ नोटिस | Show cause notice to 43 Youth Congress leaders | Patrika News
जयपुर

बैठक से गैर हाजिर रहे युवा कांग्रेसियों पर गाज, 43 पदाधिकारियों को कारण बताओ नोटिस

48 घंटे में नोटिस का जवाब नहीं देने पर होगी निलंबन की कार्यवाही, कारण बताओ नोटिस जारी करने से युवा कांग्रेस में असंतोष बढ़ा

जयपुरMar 26, 2021 / 10:26 am

firoz shaifi

youth congress

youth congress

जयपुर। राजस्थान प्रदेश युवा कांग्रेस की 22 और 23 मार्च को राजसमंद में हुई प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक से गैर हाजिर रहे 43 पदाधिकारियों पर अब निलंबन की तलवार लटक रही है। बैठक से गैर हाजिर रहने वाले 43 पदाधिकारियों को प्रदेश युवा कांग्रेस की प्रभारी पलक वर्मा ने कारण बताओ नोटिस जारी 48 घंटे में जवाब मांगा है।

संतोष जनक जवाब नहीं आने पर गैर हाजिर रहने वाले पदाधिकारियों पर गाज गिरना तय है। जिन पदाधिकारियों को नोटिस जारी किए गए हैं, उनमें 2 प्रदेश उपाध्यक्ष, 10 प्रदेश महासचिव, 18 प्रदेश सचिव और 13 जिलों के अध्यक्ष शामिल हैं। राजस्थान प्रभारी डॉ. पलक वर्मा, सह प्रभारी मितेन्द्र दर्शन सिंह, मंजू तोंगर और प्रदेशाध्यक्ष गणेश घोघरा के हस्ताक्षर से कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

नोटिस जारी होने से अंदरखाने बढ़ी नाराजगी
वहीं गैर हाजिर रहने वाले 43 पदाधिकारियों को नोटिस जारी होने से युवा कांग्रेस में अंदरखाने नाराजगी और असंतोष भी बढ़ रहा है। बताया जाता है कि कई पदाधिकारियों ने कार्यकारिणी की बैठक में शामिल नहीं होने के कारणों से पहले ही प्रदेशाध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी को अवगत करवा दिया, बावजूद उनके नोटिस जारी किए गए हैं, जिससे उनमें नाराजगी बढ़ी है। बताया जाता है कि जिन पदाधिकारियों को नोटिस दिए गए हैं उनमें अधिकांश पदाधिकारी नोटिस का जवाब देने के पक्ष में नहीं है।

गैर हाजिर रहने की एक वजह यह भी
विश्वस्त सूत्रों की माने तो प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक से इतनी बड़ी संख्या में पदाधिकारियों के गैर हाजिर रहने की मुख्य वजह संगठन में उपजा असंतोष भी है। दरअसल, प्रदेश में सियासी संकट के बाद विधायक और प्रदेशाध्यक्ष मुकेश भाकर हटाकर डूंगरपुर विधायक गणेश घोघरा प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया था। तब से ही युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी असंतुष्ट नजर आ रहे हैं। वर्तमान कार्यकारिणी मुकेश भाकर के कार्यकाल की है। वर्तमान प्रदेशाध्यक्ष गणेश घोगरा अभी तक अपनी नई टीम तैयार नहीं कर सके हैं.

इनका कहना है
हां दो दिन राजसमंद में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक हुई थी, 43 पदाधिकारी बैठक से नदारद रहे जिन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
पलक वर्मा, प्रभारी, प्रदेश युवा कांग्रेस

Home / Jaipur / बैठक से गैर हाजिर रहे युवा कांग्रेसियों पर गाज, 43 पदाधिकारियों को कारण बताओ नोटिस

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो