scriptटेक्नोलॉजी पार्क में बनेगा महिला शक्ति केन्द्र | technology park will accommodate women empowerment center | Patrika News
जयपुर

टेक्नोलॉजी पार्क में बनेगा महिला शक्ति केन्द्र

राजस्थान आवासन मंडल की प्रतिष्ठित मानसरोवर योजना में स्थित टेक्नोलॉजी पार्क में महिला एवं बाल विकास विभाग एवं राजस्थान आवासन मंडल की ओर से महिलाओं की समस्याओं के समाधान एवं काउंसलिंग के लिए इंदिरा महिला शक्ति केन्द्र बनाया जाएगा।

जयपुरJul 09, 2020 / 11:47 pm

Chandra Shekhar Pareek

 इंदिरा महिला शक्ति केन्द्र

इंदिरा महिला शक्ति केन्द्र

गुरुवार को राजस्थान आवासन मंडल के मुख्यालय स्थित बोर्ड रूम में इस केंद्र के निर्माण के संबंध में शासन सचिव महिला एवं बाल विकास विभाग के.के. पाठक की ओर से एक प्रस्तुतीकरण दिया गया। इस संबंध में महिला एवं बाल विकास विभाग ने राजस्थान आवासन मंडल को प्रस्ताव दिया है।
सैद्धांतिक सहमति, बैठक में लेंगे अनुमति
इस बारे में आवासन मंडल आयुक्त पवन अरोड़ा ने बताया कि बैठक में इस केन्द्र के निर्माण पर बोर्ड की ओर से सैद्धांतिक सहमति व्यक्त की गई है और बोर्ड की आगामी बैठक में इस प्रोजेक्ट की अनुमति ली जाएगी। राजस्थान आवासन मंडल और महिला एवं बाल विकास विभाग के मध्य राज्य सरकार की अनुमति के बाद एक एमओयू साइन किया जाएगा। इस प्रोजेेक्ट की लागत लगभग 3 करोड़ रुपए होगी।
केन्द्र पर यह होगा खास
अरोड़ा ने बताया कि यहां महिलाओं की समस्याओं के समाधान से संबंधित विभिन्न काउंसलिंग एवं समाधान केन्द्र स्थापित किए जाएंगे। यह केंद्र अभी महिला आयोग में चल रहा है, जिसे यहां स्थानांतरित किया जाएगा।
बच्चों के लिए क्रेच और डे-केयर
यह केन्द्र अपनी तरह का अनूठा होगा, जिसमें बच्चों के लिये डे-केयर सेंटर व के्रच और महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए काउंसलिंग एवं समाधान केन्द्र बनाया जाएगा। इस केन्द्र पर सेल्फ डिफेंस एवं उद्यमिता व कौशल प्रशिक्षण हेतु नियमित सुविधा केन्द्र बनाने के साथ यहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं साथिनों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
हॉबी क्लासेज का भी संचालन
यहां महिलाओं एवं बच्चों के लिए उनकी कला एवं अभिरूचि के विकास के लिये नियमित रूप से हॉबी क्लासेज के संचालन के लिए कला केन्द्र बनाया जाएगा। महिला एवं बच्चों के लिये माइनर स्पोट्र्स जोन, महिला संघ सहायता समूह के हस्तशिल्प, परिधान एवं खाने-पीने के उत्पादों के प्रमोशन के लिए हेरिटेज हाट व फूड जोन बनाया जाएगा।
महिलाओं के लिए बनेगा गेस्ट हाउस
यहां दूर दराज से आने वाली महिलाओं को ठहरने के लिये विश्राम स्थल का निर्माण करवाया जायेगा। इस विश्राम स्थल में सभी आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के साथ इसे वातानुकूलित बनाया जायेगा।
बनेगा किडस प्ले व एंटरटेनमेंट जोन
यहां बच्चों के शारीरिक विकास एवं मनोरंजन के लिये किडस प्ले व एंटरटेनमेंट जोन बनाया जायेगा। इसके साथ ही यहां पोषण वाटिका या न्यूट्री गार्डन, वॉक एंड लर्न पाथ-वे भी बनाया जाएगा।

Home / Jaipur / टेक्नोलॉजी पार्क में बनेगा महिला शक्ति केन्द्र

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो