scriptइन 7 सीटों पर अन्य दल फुला रहे कांग्रेस- भाजपा की सांसें, बेनीवाल भी हैं इनमें से एक | Tension on the face of BJP and Congress candidates | Patrika News
जयपुर

इन 7 सीटों पर अन्य दल फुला रहे कांग्रेस- भाजपा की सांसें, बेनीवाल भी हैं इनमें से एक

https://www.patrika.com/rajasthan-news/

जयपुरNov 21, 2018 / 09:21 am

santosh

hanuman beniwal
जयपुर। प्रदेश में थर्ड फ्रंट नहीं बनने से कांग्रेस और भाजपा ने भले ही राहत की सांस ले ली हो, लेकिन अभी कई सीटें ऐसी हैं जहां अन्य दलों ने दोनों बड़े दलों के समीकरण बिगाड़ दिए हैं। इसके चलते कुछ जगह त्रिकोणीय तो कुछ जगह चतुष्कोणीय मुकाबले बनते दिख रहे हैं।
नामांकन दाखिल होने के बाद चुनावी चौसर पर मुकाबलों की तस्वीर साफ होती दिख रही है। जानिए ऐसी टॉप-7 सीटों का समीकरण, जिन पर अन्य दलों ने भाजपा और कांग्रेस उम्मीदवारों के चेहरे पर शिकन ला दी है।
खेतड़ी: बसपा ने वर्तमान विधायक पूरणमल सैनी को उतारा है। मोदी लहर में वे करीब 8 हजार वोटों से जीते थे। कांग्रेस ने फिर पूर्व मंत्री जितेन्द्र सिंह को टिकट दिया है। जबकि भाजपा ने यहां से चुनाव लड़े दाताराम का टिकट काट पिछली बार निर्दलीय चुनाव लडऩे वाले धर्मपाल गुर्जर को उतार दिया। धर्मपाल को पिछली बार 20 हजार वोट मिले थे।
सादुलपुर: बसपा ने विधायक मनोज कुमार को टिकट दिया है। वे करीब छह हजार वोटों से जीते थे। भाजपा ने पिछली प्रत्याशी कमला का टिकट काट पूर्व सांसद रामसिंह कस्वां को उतारा है। कांग्रेस ने अन्तरराष्ट्रीय खिलाड़ी कृष्णा पूनिया को उतारा है।
सांगानेर: यहां से घनश्याम तिवाड़ी ने पिछला चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़ा और 65 हजार से अधिक वोटों से रेकार्ड जीत दर्ज की। तिवाड़ी अब भारत वाहिनी पार्टी बना चुके हैं और उससे ही चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने ब्राह्मण वर्ग का ध्यान रखते हुए छात्र राजनीति से आए पुष्पेन्द्र भारद्वाज को उतारा है। भाजपा ने वैश्य वोटों को साधने के लिए महापौर अशोक लाहोटी को टिकट दिया। भाजपा के बागी विधायक ज्ञानदेव आहूजा भी निर्दलीय उतर गए हैं। इससे चतुष्कोणीय मुकाबला हो गया। इस सीट पर सिंधी-पंजाबी समाज के अच्छी-खासी संख्या में मतदाता हैं।
सिकराय: पिछली बार राजपा की गीता वर्मा विधायक बनींं। किरोड़ी के साथ गीता भाजपा में शामिल हो गई, लेकिन टिकट नहीं मिला, भारत वाहिनी से मैदान में है। भाजपा से विक्रम बंशीवाल व कांग्रेस से ममता भूपेश को टिकट मिला है।
डूंगरगढ़: भाजपा ने यहां से विधायक किसनाराम का टिकट काट कर ताराचंद सास्वत को उतारा है। किसनाराम ने भारत वाहिनी पार्टी की सदस्यताली और चुनाव में उतर गए। कांग्रेस ने फिर मंगलाराम गोदारा पर दावं खेला है।
खींवसर: सबसे चर्चित सीटों में से एक। यहां से राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के टिकट पर विधायक हनुमान बेनीवाल लड़ रहे हैं। कांग्रेस से रिटायर्ड आइपीएस सवाई सिंह गोदारा तो भाजपा ने राजेन्द्र उत्ता को उतारा है। पिछले चुनाव के बसपा प्रत्याशी दुर्गसिंह ने निर्दलीय फार्म भरा है। बसपा ने रामपाल को टिकट दिया है। बेनीवाल की भतीजी अनिता भी निर्दलीय लड़ रही है।
गंगानगर: जमींदारा पार्टी की विधायक कामिनी जिंदल फिर मैदान में है। मोदी लहर में उन्होंने भाजपा के राधेश्याम गंगानगर को करीब 37 हजार वोट से हराया था। भाजपा ने विनीता आहूजा व कांग्रेस ने अशोक चांडक को टिकट दिया है। राधेश्याम गंगानगर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।

Home / Jaipur / इन 7 सीटों पर अन्य दल फुला रहे कांग्रेस- भाजपा की सांसें, बेनीवाल भी हैं इनमें से एक

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो