scriptजयपुर ग्रामीण लोकसभा गठन के बाद हुए 3 चुनाव, जानिए किसका पलड़ा रहा भारी | Patrika News
जयपुर

जयपुर ग्रामीण लोकसभा गठन के बाद हुए 3 चुनाव, जानिए किसका पलड़ा रहा भारी

Jaipur Rural Lok Sabha constituency: जयपुर ग्रामीण लोकसभा क्षेत्र के गठन के बाद अब तक हुए 3 चुनाव में किस पार्टी का पलड़ा भारी रहा है। जानिए-

जयपुरApr 17, 2024 / 01:57 pm

santosh

jaipur rural lok sabha seat history
जमवारामगढ़। जयपुर ग्रामीण लोकसभा क्षेत्र के गठन के बाद तीन चुनाव हो चुके तथा चौथा चुनाव होने जा रहा है। तीन चुनाव में से दो भाजपा ने व एक कांग्रेस ने जीता था। इसी तरह भाजपा जयपुर ग्रामीण लोकसभा में कांग्रेस के मुकाबले 2-1 से आगे है। चौथा चुनाव यदि कांग्रेस जीतती है तो मुकाबला बराबर हो जाएगा और हारती है तो पिछड़ जाएगी। जयपुर ग्रामीण लोकसभा का गठन होने के बाद पहला आम चुनाव 2009 में हुआ था। तब जयपुर ग्रामीण लोकसभा में 14,44,949 कुल मतदाता थे।
कांग्रेस के टिकट पर लालचंद कटारिया व भाजपा के टिकट पर राव राजेंद्र सिंह के बीच मुकाबला था। तब गुर्जर आरक्षण आंदोलन की लपटों के बीच सुखवीर सिंह जौनापुरिया ने निर्दलीय चुनाव लड़कर भाजपा का विजयी रथ रोक दिया था। कांग्रेस के लालचंद कटारिया को 278266 मत मिले थे तथा निकटतम प्रतिद्वंद्वी राव राजेंद्र सिंह को 226029 मत मिले थे। निर्दलीय सुखबीर सिंह जौनापुरिया ने 127664 मत प्राप्त करके भाजपा को जीतने से रोक दिया था। तब लालचंद कटारिया 52237 मतों से सांसद का चुनाव जीतने में सफल रहे। फिर सांसद बने कटारिया यूपीए दो में केंद्रीय मंत्री भी बने थे।
चौथे लोकसभा चुनाव की रणभेरी बजने से पहले कांग्रेस के दिग्गज नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री लालचंद कटारिया भाजपा का दामन थाम चुके है। दूसरा चुनाव वर्ष 2014 में हुआ। जब लोकसभा में कुल मतदाता 16,99,462 थे। भाजपा ने ओलम्पियन कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड को टिकट थमा दिया। तब कांग्रेस ने पूर्व केंद्रीय केबिनेट मंत्री डॉ.सीपी जोशी को मैदान में उतारा था। राठौड ने डॉ. सीपी जोशी को 332896 मतों से हराकर लोकसभा का चुनाव जीता था। डॉ. किरोडी लाल मीना की पार्टी एनपीपी के उम्मीदवार तत्कालीन आमेर विधायक नवीन पिलानिया ने लड़कर 31617 मत हासिल किए थे।

तीसरा लोकसभा चुनाव वर्ष 2019 में भाजपा के कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड ने फिर लड़ा। तब कांग्रेस ने ओलम्पिक खिलाड़ी के सामने ओलंपिक खिलाडी एवं तत्कालीन सादुलपुर विधायक डॉ. कृष्णा पूनिया को मैदान में उतारा। कांग्रेस का यह दांव भी परवान नहीं चढ़ सका। तब भाजपा के राज्यवर्धन को 820132 मत हासिल हुए। वहीं कांग्रेस की डॉ.कृष्णा पूनिया को 426961 मत मिले। इस तरह राठौड लगातार दूसरी बार 393171 मतों के भारी अंतर से चुनाव जीतने में सफल रहे। भाजपा से निर्वाचित सांसद दो बार सांसद रहने के बाद वर्तमान में झोटवाडा विधानसभा से विधायक बनने के बाद प्रदेश में सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार व खेल विभाग के केबिनेट मंत्री बनाए गए है।

यह भी पढ़ें

ऐसे टूटी रविंद्र सिंह भाटी और अशोक गोदारा की दोस्ती… गोदारा ने खोले कई राज

जयपुर शहर के मुकाबले जयपुर ग्रामीण लोकसभा का महत्व ज्यादा है। जयपुर ग्रामीण सांसद बने लालचंद कटारिया व राज्यवर्धन राठौड़ केंद्र में मंत्री रहे है। राठौड़ झोटवाडा से विधायक बनकर प्रदेश में मंत्री बन चुके है। चुनावी रौनक इस बार काफी कम रही। पहले के समय चुनाव से पहले झंडे, बैनर व पोस्टर नजर आते थे। अबकी बार बहुत कम संख्या में नजर आ रहे है। अबकी बार चुनाव प्रचार टीवी, रेडियो व सोशल मीडिया पर अधिक नजर आ रहा है।

Home / Jaipur / जयपुर ग्रामीण लोकसभा गठन के बाद हुए 3 चुनाव, जानिए किसका पलड़ा रहा भारी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो