जयपुर

टूटी परम्परा! CM राजे ने इस बार नहीं दी गहलोत को जन्मदिन की बधाई, जानिए पूरी खबर

टूटी परम्परा! सीएम राजे ने इस बार नहीं दी गहलोत को जन्मदिन बधाई, जानिए पूरी खबर

जयपुरMay 03, 2018 / 03:39 pm

Nakul Devarshi

जयपुर।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जन्मदिवस पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने तरीके से उन्हें जन्म दिवस की बधाई दी। किसी ने होर्डिंग्स के ज़रिये तो किसी ने सोशल मीडिया के ज़रिये गहलोत की लम्बी उम्र की कामना की। लेकिन जन्मदिन की शुभकामनाएं देने वालों की फेहरिस्त में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का नाम शामिल नहीं था। हालांकि इसे कुछ लोग बड़ी बात नहीं मान रहे थे, लेकिन ये विषय सियासी गलियारों की खबरों में दिलचस्पी लेने वाले लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा।
 

पिछले साल सीएम राजे ने दी थी बधाई
पिछले साल 3 मई को गहलोत के जन्मदिवस के मौके पर सीएम राजे ने बाकायदा फोन पर शुभकामनाएं दी थी। इससे पहले गहलोत भी सीएम राजे को हर साल जन्मदिवस पर बधाई देते आये हैं। लेकिन अब की बार सीएम राजे ने न तो फोन पर और ना ही ट्वीट के ज़रिये गहलोत को जन्मदिन की बधाई दी।
 

उमा भारती- रघुबर दास को बधाई, गहलोत को नहीं
दरअसल, ये विषय इसलिए भी चर्चाओं में हैं क्योंकि सीएम राजे ने ट्वीट के ज़रिये केंद्रीय मंत्री उमा भारती और झारखंड के मुख्यमंत्री रघुबर दास को उनके जन्मदिवस पर शुभकामनाएं दीं हैं। लेकिन शायद राजस्थान के पूर्व सीएम गहलोत को बधाई देना भूल गईं।

गहलोत को मिल रही बधाइयां
इस बीच गहलोत को बधाई देने वालों की लम्बी फहरिस्त देखी गई। दिग्गज नामों में सीपी जोशी, लालचंद कटारिया, सचिन पायलट , भूपेंद्र सिंह हुड्डा , दीपेंदर सिंह हुड्डा, राजीव सातव, पवन खेड़ा, शक्ति सिंह गोहिल, अमृता धवन, सुष्मिता देव, किशोर उपाध्याय जैसे नाम शामिल हैं।

… इसलिए गहलोत ने जन्मदिन नहीं मनाने का लिया फैसला
प्रदेश में आंधी-तूफ़ान से कई लोगों के मारे जाने और कई लोगों के घायल होने को दुखद बताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपना जन्मदिन नहीं बनाने की बात कही। ट्विटर के ज़रिये अपनी प्रतिक्रिया देते हुए गहलोत ने कहा कि राजस्थान के विभिन्न ज़िलों में आये अंधड़ और तूफ़ान के कहर में 22 लोगों की मौत और 100 से ज़्यादा लोगों के घायल होने का दुखद समाचार मिला है।
 

ट्वीट में उन्होंने लिखा, ”भरतपुर, धौलपुर, अलवर, झुंझुनू सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों में कल शाम आए अंधड़ और तूफान में करीब 22 लोगों की मृत्यु और 100 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी से व्यथित हूं। इस अत्यंत दुखद समय में हम सभी पीड़ित परिवारों के साथ हैं। प्रदेश में हुई इस त्रासदी के कारण आज के अवसर पर आवास पर सेलिब्रेशन कार्यक्रम रद्द किये जा रहे हैं।”
 

उन्होंने लिखा, ”प्रदेशभर में पूर्व निर्धारित रक्तदान शिविर एवं अस्पतालों, कुष्ठाश्रम तथा वृद्धाश्रम आदि में फल एवम खाद्य सामग्री वितरण सहित अन्य जनहित कार्यक्रम यथावत रखे जा सकते हैं। आप सभी की शुभकामनाएं हमेशा मेरे साथ हैं। आप का स्नेह एवं आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है।
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.