
बागोड़ा (जालोर). निकटवर्ती चैनपुरा गांव में मंगलवार को सुबह बेटी से मिलने जा रहा एक बाप धुम्बडिया व चैनपुरा के बीच चल रही सुकड़ी नदी के तेज बहाव में डूब गया। व्यक्ति के डूबने के सूचना पर प्रशासन व पुलिस मौके पर पहुंचकर तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार मंगलवार को सुबह नया चेनपुरा से जूना चैनपुरा होते हुए धुम्बडिया में बेटी से मिलने जा रहे प्रभा राम पुत्र जेताराम चौधरी सुकड़ी नदी के तेज बहाव के कारण बह गए। नदी में बहने की सूचना पर थानाधिकारी भीखाराम दमामी मय पुलिस जाप्ता व एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और डूबे व्यक्ति की तलाश में जुट गई। घटना की जानकारी मिलने पर बागोड़ा उपखंड अधिकारी रेणु सैनी व तहसीलदार सुमेर सिंह राजपुरोहित भी मौके पर पहुंचे। सुबह नदी में डूबे व्यक्ति प्रभा राम की दिनभर तलाश की गई। लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका पता नहीं लग पाया।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.