scriptशहर में इन जगहों पर हर रोज रात आठ बजे बाद सजती हैं महफिलें | In these places in the city after eight o'clock every night wine party | Patrika News
जालोर

शहर में इन जगहों पर हर रोज रात आठ बजे बाद सजती हैं महफिलें

www.patrika.com/rajasthan-news

जालोरSep 20, 2019 / 10:53 am

Dharmendra Kumar Ramawat

शहर में इन जगहों पर हर रोज रात आठ बजे बाद सजती हैं महफिलें

शहर में इन जगहों पर हर रोज रात आठ बजे बाद सजती हैं महफिलें

जालोर. शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थल रात के समय शराबियों की शरण स्थली बने हुए हैं। शराबी इन जगहों पर ना केवल शराब पीते नजर आते हैं, बल्कि महफिल सजाने के बाद शराब की खाली बोतलें और गंदगी भी यहीं छोड़कर चलते बनते हैं। इसके बावजूद पुलिस इस बारे में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। शहर के बीचो बीच स्थित हरिदेव जोशी सर्किल के ठीक पास बने अम्बेडकर सभा स्थल के भी कुछ ऐेसे ही हालात हैं। इस जगह पर फिलहाल निजी टैक्सी स्टैंड है। जहां रात के रोजना रात के समय डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा के ठीक पास बने मंच पर शराबी महफिलें सजाते हैं और शराब पार्टी के बाद खाली बोतलें और गंदगी फैलाकर चले जाते हैं। कई बार तो नशे की हालत में उनकी ओर से शराब की बोतलें फोड़ी भी जाती हैं, जिन्हें अगले दिन टैक्सी चालक या सफाईकर्मी इक_ा करते हैं। कहने को शहर में पुलिस गश्त जरूर करती है, लेकिन शहर में ऐसे कई सार्वजनिक स्थल हैं जहां इस तरह हर रोज शराब पार्टियां हो रही हैं। जिसके कारण आस पास रहने वाले मौहल्ले के लोग भी इन जगहों के पास से गुजरने से कतरा रहे हैं।
8 बजे बाद जगह ढूंढते हैं शराबी
गौरतलब है कि शहर में चल रही शराब की दुकानें भी मयखाने बनी हुई हैं। इन दुकानों के अंदर और आस पास पूरे दिन शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। दुकान से शराब खरीदने के बाद सुबह से लेकर रात आठ बजे तक शराबी यहीं शराब पीते हैं। वहीं आठ बजे दुकानें बंद हो जाने के बाद शहर में इधर-उधर शराब पीने के लिए जगह ढूंढते नजर आते हैं। इसी वजह से रात आठ बजे बाद शहर के सार्वजनिक स्थलों पर शराबी शराब पीते नजर आते हैं।
नमकीन-पानी से लेकर खाट और छाया भी
शहर में इस बार अंग्रेजी शराब की आठ दुकानें हैं। इनमें से अधिकतर दुकानों पर ठेकेदारों ने शराबियों के लिए नमकीन, पानी की बोतलें, खाट और छाया की भी व्यवस्था कर रखी है। शराब के साथ यह सभी चीजें मिलने के कारण शराबी भी दुकान के अंदर या परिसर में ही शराब पीते हैं। हालांकि पुलिस ने पूर्व में कुछ दिन के लिए दुकानों में शराबियों की धरपकड़ को लेकर अभियान भी चलाया था, लेकिन कुछ दिन बाद ही यह अभियान बंद हो गया। जिसके कारण शराब दुकानों पर फिर से शराबियों का जमावड़ा शुरू हो गया।
इन जगहों पर रहता है जमघट
शहर में चल रही शराब की दुकानें रात आठ बजे बंद होने के बाद शराबी विभिन्न जगहों पर चोरी छिपे महफिलें सजाते हंै। ये जगहें पुलिस की नजर में तो हैं, लेकिन पुलिस भी सुस्ती की वजह से कोई सख्त कार्रवाई नहीं कर रही है। शहर के सुंदेलाव तालाब की पाल, जल संसाधन विभाग के पीछे, स्वरूपपुरा रोड, शनि मंदिर के पीछे, नया बस स्टैंड, पुराना बस स्टैंड, रतनपुरा रोड, रीको द्वितीय व तृतीय चरण के आस पास रात आठ बजे के बाद कुछ ऐसा ही मंजर नजर आता है। इसके बावजूद पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है।
होती हैं वारदातें
शहर के विभिन्न इलाकों में रात के समय शराबियों के जमावड़े के कारण चोरी समेत अन्य छोटी-मोटी वारदातें भी हो रही हैं। शराब पीने के बाद ज्यादातर ये ही लोग वारदातों से पहले योजना बनाते हैं। ऐसे में पुलिस अगर इस संबंध में सख्त रवैया अपनाती है तो इन वारदातों पर भी कुछ हद तक अंकुश लगा सकता है।
इनका कहना…
अम्बेडकर सभा स्थल में आए दिन शराब की पार्टियां होती हैं। प्रतिमा के नीचे कई बार शराब की खाली बोतलें पड़ी मिलती हैं। पुलिस अगर इस बारे में सख्त कार्रवाई करती है तो इस पर अंकुश लग सकता है। इसके अलावा भी विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर रात के समय शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। जिससे आमजन वहां से गुजरने से भी कतराते हैं।
– भरतकुमार मेघवाल, पार्षद, नगरपरिषद जालोर
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो