
Breaking : सारागांव के व्यापारी से 92 हजार की उठाइगिरी, जानें इस व्यापारी को लूटेरों ने कैसे बनाया निशाना
जांजगीर-बाराद्वार. धान के कारोबारी के लिए सदर बाजार बाराद्वार पहुंचा सारागांव का व्यवसायी बजरंग अग्रवाल मंगलवार की दोपहर दो बजे उठाइगिरी का शिकार हो गया। उठाइगीर ने 92 हजार से भरा बैग पार कर दिया। बाइक सवार दो युवकों ने बाराद्वार के अमन मेडिकल के पास वारदात को अंजाम दिया।
उठाइगीरों ने सुनियोजित प्लानिंग की। पहले व्यवसायी की बाइक में कीचड़ लगा दिया, जिसे धोने के लिए व्यवसायी कन्या शाला के हैंडपंप के पास रुका। जैसे ही वह हैंडिल को धोने के लिए रुका उठाइगीरों ने उसका 92 हजार से भरे बैग पार कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई। शिशु मंदिर के सीसी कैमरे में संदेहियों की तस्वीर कैद हो चुकी है। क्राइम ब्रांच की टीम व बाराद्वार पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
सारागांव का व्यवसायी बजरंग अग्रवाल आए दिन व्यवसाय के सिलसिले में बाराद्वार आता है। वह अपने बैग में लाखों रुपए बिना सुरक्षा व्यवस्था के ले जाता है। हर रोज की तरह वह मंगलवार की दोपहर दो बजे व्यवासाय के सिलसिले में बाराद्वार आया था। वह अपने बैग में 92 हजार रुपए रखा था। वह इतनी रकम लेकर बाराद्वार के अमन मेडिकल के पास दवा लेने के लिए रुका।
इसी दौरान कुछ संदेहियों ने इसकी बाइक में कीचड रख दिया। व्यवसायी बाइक स्टार्ट कर कन्या शाला के पास हैंडपंप में रुका। वह अपने नोटों से भरे बैग को बाइक के हैंडल में लटकाकर हैंडपंप की ओर जा रह था, तभी बाइक में सवार दो युवक वहां पहुंचे और बैग लेकर भाग निकले। बजरंग अग्रवाल ने जोर-जोर से चिल्लाया, तब तक आरोपी भाग निकले।
घटना के बाद पीडि़त बाराद्वार थाना पहुंचा। पुलिस ने घटना की खबर को वायरलेस सेट पर तेजी से वायरल कर दिया। इससे जिले भर की पुलिस अलर्ट हो गई। मौके पर क्राइम ब्रांच की टीम भी पहुंच गई। जिले भर में नाकाबंदी कर पुलिस उठाइगिरों की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि उठाइगीर अपाचे बाइक में थे और उन्होंने स्कार्फ भी नहीं बांधा है। सरस्वती शिशु मंदिर के पास मिले सीसी कैमरे में संदेहियों की तस्वीर स्पष्ट दिखाई दे रही है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 379 के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Published on:
24 Jul 2018, 5:26 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.