अस्पतालों में ये जिन हालातों में पड़े हुए हैं, उसे देखकर समझा जा सकता है कि जिम्मेदारों ने भी इसे सडऩे के लिए छोड़ दिया है। इधर स्थिति यह है कि अस्पतालों में पहुंचने वाले मरीज से लेकर परिजनों को कहीं बोर का पानी पीना पड़ रहा है या कहीं गरम पानी पीकर प्यास बुझानी पड़ रही है। नहीं तो बोतलबंद पानी खरीदकर पीने मजबूर हैं। गर्मी की शुरूआत के साथ ही पानी हर कोई की जरूरत बन गई है। शासकीय अस्पतालों में मरीज और परिजनों के लिए पानी की व्यवस्था की हकीकत जानने पत्रिका की टीम ने जिले के कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जाकर स्थिति देखी। अधिकांश जगहों पर वॉटर प्यूरीफायर सिस्टम केवल कबाड़ की तरह ही पड़ी हुई मिली। ऑनलाइन में इस तरह की मशीन करीब 70 हजार रुपए में मिल रही है।
किसने खरीदा-किसने भेजा... कोई जवाब ही नहीं
विडंबना यह है कि स्वास्थ्य केंद्रों में जो वॉटर प्यूरीफायर सिस्टम मौजूद हैं, उसे किसने खरीदा है, किसने भेजा है, कितनी राशि की है, इस बारे में संस्था के प्रभारियों के पास कोई जवाब-जानकारी नहीं है। अधिकांश द्वारा प्रभारियों का कहना है कि उनके कार्यकाल के पहले का है, जानकारी ही नहीं है। हालांकि कुछ कर्मचारियों का कहना रहा कि शायद शासन स्तर से ही सप्लाई हुई है।
दो हेल्पलाइन नंबर, दोनों ही बंद...
वॉटर प्यूरीफायर सिस्टम मशीन में 250 एलपीएच और आरओ+यूवी+टीडीएस एडजेस्ट टेक्नोलॉजी लिखा हुआ है दो हेल्पलाइन नंबर भी लिखे हुए हैं। पत्रिका रिपोर्टर ने दोनों नंबर पर कॉल किया लेकिन दोनों ही नंबर स्वीच ऑफ मिला।