scriptनौतपा की विदाई, धीरे-धीरे कम होगी गर्मी, मानसून की दस्तक जल्द | No More Scorching Heat Monsoon Arrival to Bring Relief Soon | Patrika News
झांसी

नौतपा की विदाई, धीरे-धीरे कम होगी गर्मी, मानसून की दस्तक जल्द

रिकॉर्ड तोड़ गर्मी के बाद रविवार को नौतपा का सितम खत्म हो गया। हालांकि, अभी भी गर्मी से राहत नहीं मिली है। आने वाले दिनों में तापमान में थोड़ी गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि इस सप्ताह तापमान दो से तीन डिग्री तक गिर सकता है। साथ ही, मानसून के भी समय पर आने की उम्मीद है।

झांसीJun 03, 2024 / 04:39 am

Ramnaresh Yadav

No More Scorching Heat Monsoon Arrival to Bring Relief Soon, नौतपा की विदाई, धीरे-धीरे कम होगी गर्मी, मानसून की दस्तक जल्द

झांसी में भीषण गर्मी का सितम देकर विदा हुए नौतपा

इस बार नौतपा में झांसी का तापमान 49 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो 132 साल में सबसे ज्यादा है। भीषण गर्मी के कारण लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गई। हालांकि, मौसम विभाग द्वारा आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने के आसार जताए जा रहे हैं। मानसून समय पर आने की संभावना जताई जा रही है।

नौतपा का प्रचंड तापमान

नौतपा की शुरुआत 25 मई को हुई थी। पहले दिन से ही गर्मी ने सितम ढाना शुरू कर दिया था। नौतपा के दूसरे दिन ही झांसी में गर्मी का 132 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया था और अधिकतम तापमान 48.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके अगले दिन 28 मई को तापमान 49 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। नौतपा के दौरान झांसी की गिनती देश और प्रदेश के सबसे अधिक गर्म शहरों में बनी रही। सुबह से लेकर शाम तक तीखी धूप खिली रही और लू के थपेड़ों ने लोगों को खूब झुलसाया।

जनजीवन पर प्रभाव

इस भीषण गर्मी का जनजीवन पर बुरा असर पड़ा। महानगर की व्यस्ततम सड़कों पर भी दोपहर में सन्नाटे की स्थिति देखने को मिली। अस्पतालों में मरीजों की भरमार बनी रही। हर आयु वर्ग के लोगों को गर्मी ने अपना शिकार बनाया।

आगे का अनुमान

रविवार को नौतपा खत्म हुए। आखिरी दिन अधिकतम तापमान 45.2 और न्यूनतम 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, आने वाले दिनों में गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार सिंह के अनुसार इस सप्ताह तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है। इसके अलावा मानसून के भी यहां समय से पहुंचने की संभावना है।

नौतपा में झांसी का तापमान:

  • 25 मई – 44.5 डिग्री सेल्सियस
  • 26 मई – 48.1 डिग्री सेल्सियस
  • 27 मई – 48.0 डिग्री सेल्सियस
  • 28 मई – 49.0 डिग्री सेल्सियस
  • 29 मई – 47.5 डिग्री सेल्सियस
  • 30 मई – 47.4 डिग्री सेल्सियस
  • 31 मई – 47.6 डिग्री सेल्सियस
  • 01 जून – 46.9 डिग्री सेल्सियस
  • 02 जून – 45.2 डिग्री सेल्सियस

Hindi News/ Jhansi / नौतपा की विदाई, धीरे-धीरे कम होगी गर्मी, मानसून की दस्तक जल्द

ट्रेंडिंग वीडियो