scriptबारिश —बादलों ने रोकी गर्मी | rainy weather in rajasthan | Patrika News
जयपुर

बारिश —बादलों ने रोकी गर्मी

हाड़ौती में बरसे मेघप्रदेश के पश्चिमी इलाकों में दिन में बढ़ने लगी तपन…..

जयपुरApr 10, 2018 / 11:39 am

anand yadav

cloudy weather

cloudy weather

जयपुर। राजधानी समेत प्रदेश के पूर्वोत्तर हिस्सों में मंगलवार को भी बादलों की आवाजाही बनी हुई है। पूर्वोत्तर हिस्सों में गर्मी के तेवर नर्म रहे हैं हालांकि पश्चिमी मैदानी भागों में भीषण गर्मी से आमजन बेहाल हैं। बीते सोमवार को हाड़ौती अंचल में झमाझम हुई बारिश से मौसम ने पलटा खाया। गुलाबीनगर में आज सुबह छाए बादलों के सामने सूर्यदेव भी खामोश रहे। धूप नहीं खिलने से मौसम सुहावना रहा वहीं शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के पूर्वोत्तर हिस्सों में अगले एक दो दिन और बादलों की आवाजाही रहेगी और दिन व रात का तापमान सामान्य के आस पास बना रहेगा। वहीं पश्चिमी हिस्सों में गर्मी से राहत मिलने केे आसार फिलहाल नहीं हैं।
बीते चौबीस घंटे में जयपुर समेत वनस्थली,पिलानी, बूंदी,फलोदी, बीकानेर में छितराई बौछारें गिरी वहीं चूरू 8.8, जैसलमेर 2.3 और चित्तौड़गढ़ में 2.0 मिमी बारिश मापी गई। बूंदी के केशोरायपाटन और कापरेन में झमाझम बारिश से रात के तापमान में गिरावट आई है। वहीं जैसलमेर और बीकानेर में बारिश के बावजूद अधितकम तापमान सामान्य से ज्यादा रहा है।
राजधानी में बीती रात से शुरू हुई बादलों की आवाजाही आज सुबह तक बनी रही। आज सुबह बादलों की आवाजाही के बीच सूर्यदेव नजर आए वहीं बादलों के कारण धूप की आंखमिचौनी का दौर सुबह से बना रहा है। हवा में नमी बढ़ने व बीती रात हल्की बूंदाबांदी से रात के तापमान में 2.2 डिग्री कमी दर्ज हुई और आज सुबह शहर का न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। आज सुबह सूर्योदय के समय शहर के कुछ हिस्सों में हल्की फूहारें भी गिरी। आज सुबह नौ बजे शहर का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार शहर में आज बादलों की आवाजाही के साथ धूलभरी हवाएं चलने व अधिकतम तापमान में एक— दो डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।

Home / Jaipur / बारिश —बादलों ने रोकी गर्मी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो