
तिंवरी। कस्बे में बिंजवड़िया रोड़ पर नखत बन्ना के धाम के पास जिले के पहले ग्रामीण क्षेत्र के केन्द्रीय विद्यालय के नवनिर्मित भवन का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीकर की सभा से वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। इस मौके पर तिंवरी विद्यालय भवन परिसर में भी एक समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद पीपी चौधरी, पूर्व विधायक भैराराम सियोल, बीएल मोरोड़िया उपायुक्त केन्द्रीय विद्यालय संगठन, उप प्रधान खेमाराम बाना, पूचमचंद दाधीच, मोहनलाल पालीवाल, विजय कुमार गोयल समेत अभिभावक, भाजपा कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे। सभी अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। गौरतलब है कि इस भवन का निर्माण 25 बीघा क्षेत्र में 23.38 करोड़ की लागत से किया गया है। वर्तमान सत्र में यह विद्यालय कक्षा 10 तक क्रमोन्नत हो चुका है।
लोकार्पण कार्यक्रम को पाली सांसद पीपी चौधरी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार शिक्षा के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है, क्षेत्र में उच्च कोटि के शिक्षण संस्थान के रूप में अनुपम उपहार को देकर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक ओसियां भैराराम सियोल ने कहा कि शुरू से ग्रामीण क्षेत्र के बेटे बेटियों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा मुहैया कराने के लिए भरसक प्रयासरत थे, ऐसे में अब सुखद एहसास की अनुभूति हुई है।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान केवी के स्काउट गाइड ने अतिथियों का स्वागत भी किया गया नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी आगंतुकों का मन मोह लिया। सभी विद्यार्थी विद्यालय के पोशाक, तिरंगे झंडों व रंग बिरंगे गुब्बारों के साथ उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया गया। लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे अभिभावक भी नवनिर्मित भवन को निहारते दिखे।
Published on:
28 Jul 2023, 3:40 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.