कानपुर सहित कानपुर देहात में बुधवार को छिटपुट बूंदाबांदी से मौसम सुहाना हो गया था। धूप और बादल की लुकाछिपी चलती रही। वहीं गुरुवार को सुबह धूप निकलने के बाद बदली छाती रही। इससे लोगों को राहत मिली। सीएसए के मौसम विभाग में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब डेढ़ डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। सीएसए के मौसम वैज्ञानिक डा.एसएन सुनील पांडेय ने कहा कि अब शाम तक बारिश होने की पूरी संभावना है। उन्होंने बताया कि हवाओं का क्षेत्रीय चक्रवात विकसित होने के चलते 24 से 26 सितंबर तक 20 मिमी से अधिक बारिश होगी। ऐसे में किसान सक्रिय रहें। फसलों में अधिक पानी भरने से नुकसान हो सकता है।