
Monsoon: यूपी में पिछले लगभग एक सप्ताह से मौसम मेहरबान बना हुआ था, लेकिन मंगलवार को एक बार फिर से गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप ने लोगों को परेशान कर दिया। इसी बीच मौसम विभाग ने अच्छी खबर दी है। मौसम विभाग का कहना है कि इस बार तय समय से तीन दिन पहले ही मॉनसून सक्रिय हो जाएगा। चंद्र शेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के वरिष्ठ मौसम-कृषि वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि देश में इस समय भीषण गर्मी (extreme heat) पड़ रही है, लेकिन मॉनसून (Monsoon) इस बार खुशखबरी लेकर आ रहा है।
आईएमडी यानी मौसम विभाग (weather department) के मुताबिक मॉनसून इस साल समय से पहले दस्तक देने वाला है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून समय से पहले अंडमान निकोबार (Andaman Nicobar) में दस्तक देने वाला है। IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक 19 मई को मॉनसून के अंडमान निकोबार में पहुंचने की संभावना है। उसके बाद मॉनसून देश के अन्य हिस्सों की तरफ बढ़ेगा। वैसे तो हर साल अंडमान निकोबार में मॉनसून 22 मई तक आता है। लेकिन इस साल ये 3 दिन पहले ही दस्तक दे सकता है।
मौसम विभाग की मानें तो देश में अल नीनो प्रणाली कमजोर हो रही है और ला नीना स्थितियां सक्रिय हो रही हैं, जो इस साल अच्छे मॉनसून के लिए अनुकूल हैं। इसी वजह से भारत में मॉनसून समय से पहले ही दस्तक दे सकता है। वहीं ला नीना के साथ-साथ हिंद महासागर द्विध्रुव (आईओडी) स्थितियां भी इस साल अच्छे मानसून के लिए अनुकूल हो रही हैं, जो मॉनसून के लिए सकारात्मक संकेत हैं।
भारत में इस साल मॉनसून में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। आईएमडी ने इस महीने की शुरुआत में भी मई के महीने में सामान्य से अधिक बारिश की भविष्यवाणी की थी। वहीं अगले दो दिनों तक दक्षिणी राज्यों तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल में आंधी और बारिश जारी रहने की संभावना है।
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के 19 मई तक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में प्रवेश करने की उम्मीद है। इसके बाद 1 जून के बीच ये केरल पहुंचेगा। मानसून के बंगाल की खाड़ी से मुख्य भूमि भारत की ओर बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो गई हैं। इसलिए अनुमान है कि 19 मई तक मॉनसून भारत की सीमा में प्रवेश कर जाएगा। मॉनसून के पहुंचने की सामान्य तारीख की बात करें तो 10 जून तक ये महाराष्ट्र पहुंच जाता है।
फिर आगे बढ़ते हुए 15 जून को ये गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार पर पहुंचता है। वहीं, 20 जून को ये गुजरात के आंतरिक इलाकों, एमपी के मध्य हिस्सों और कानपुर मंडल सहित उत्तर प्रदेश में दस्तक देता है। हालांकि, अभी मौसम विभाग ने इन राज्यों में मॉनसून के पहुंचने की कोई तारीख नहीं बताई है। मौसम विभाग लगातार मॉनसून की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली में 30 जून को मॉनसून की एंट्री हो सकती है। जबकि मुंबई में 11 जून, कोलकाता में 10-11 जून, चेन्नई में 10 जून को मॉनसून की एंट्री हो सकती है।
चंद्र शेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के वरिष्ठ मौसम एवं कृषि वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि 25 जून तक मॉनसून हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और कश्मीर में भी पहुंच जाएगा और 30 जून को ये राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में पहुंच जाएगा और आगे बढ़ते हुए 8 जुलाई तक मॉनसून पूरे देश को कवर कर लेगा। इसके अलावा 20 जून को यूपी में मॉनसून की एंट्री हो सकती है।
संबंधित विषय:
Updated on:
14 May 2024 04:29 pm
Published on:
14 May 2024 04:29 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
