
Weather Alert: गर्मी को लेकर 13 जिलों में रेड अलर्ट, जानें कितना तापमान सह सकता है इंसानी शरीर?
Weather Alert: यूपी समेत पूरे देश में गर्मी अपने चरम पर है। पिछले करीब एक सप्ताह से दिन निकलते ही सूरज की तपिश से लोग बेहाल हो रहे हैं। इसी बीच नौतपा भी शुरू हो गया है। ऐसे में यह गर्मी अभी एक सप्ताह तक जारी रह सकती है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए तीन दिन के लिए गर्मी का ट्रिपल अलर्ट जारी किया है। इसके अनुसार यूपी में 13 जिलों में भीषण गर्मी की चेतावनी दी गई है। इन जिलों को मौसम विभाग ने रेड जोन में रखा है। भीषण गर्मी से परेशान लोगों के मन में ये सवाल उठ रहा है कि आखिर इंसानी शरीर कितनी गर्मी बर्दाश्त कर सकता है? मौसम विभाग ने एक रिसर्च के हवाले से इसकी स्थितियां स्पष्ट की हैं।
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो इंसानी शरीर का सामान्य तापमान 98.9 डिग्री फॉरेनहाइट होता है। जो आपके आसापास के वातावरण यानी बाहरी तापमान के 37 डिग्री सेल्सियस के बराबर होता है। विज्ञान के मुताबकि इंसान गर्म खून वाला स्तनधारी जीव है। जो 42 डिग्री सेल्सियस तक तापमान सह सकता है। इंसान के शरीर में एक खास तंत्र ‘होमियोस्टैसिस’ होता है। यह तंत्र इंसान को इस तापमान में भी सुरक्षित रखता है।
चंद्र शेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन पांडेय कहते हैं “जैसा हमने बताया कि 42 डिग्री तापमान में इंसान जीवित रह सकता है। वहीं इससे ज्यादा तापमान इंसानी शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकता है। विज्ञान कहता है कि इंसान का शरीर 35 से 37 डिग्री तापमान बिना किसी परेशानी के सह सकता है। वहीं यही तापमान जब 40 डिग्री हो जाता है तो लोगों को परेशानी होने लगती है। इसे लेकर की गईं रिसर्चों की मानें तो इंसानों के लिए 50 डिग्री का अधिकतम तापपमान बर्दाश्त करना खासा मुश्किल हो जाता है।”
डॉ. एसएन पांडेय आगे कहते हैं “वहीं यदि तापमान इससे ज्यादा पहुंच जाता है तो वो जिंदगी को खासा जोखिम भी पहुंच सकता है। मेडिकल जर्नल लैंसेट की रिपोर्ट के अनुसार साल 2000-04 और 2017-2021 के बीच के 8 सालों में भारत में गर्मी का प्रकोप अत्यधिक ज्यादा रहा। इसके साथ ही इस दौरान गर्मी से होने वाली मौतों में 55 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। लंदन स्कूल ऑफ हाइजीन की एक रिपोर्ट के अनुसार 2050 तक गर्मी से होने वाली मौतों में 257 फीसदी तक वृद्धि हो जाएगी।”
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार यदि पारा 45 डिग्री हो तो बेहोशी, चक्कर या घबराहट जैसी शिकायतों के चलते ब्लड प्रेशर कम होने जैसी परेशानी आम शिकायतें हैं। वहीं, यदि आप 48 से 50 डिग्री या उससे ज्यादा तापमान में बहुत देर रहते हैं तो मांसपेशियां पूरी तरह जवाब दे सकती हैं जो मौत भी बन सकती है।
डॉ. एसएन पांडेय ने मौसम को लेकर बताया कि मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के बादल छाए रहने के आसार हैं, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है। इसके साथ ही दिन और रात के तापमान सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं l लू चलने की पूरी संभावना है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग (IMD) ने गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों में भीषण लू चलने की संभावना है। इसके अलावा कानपुर देहात, कानपुर नगर, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर, एटा, मैनपुरी, औरैया और इसके आसपास के क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दूसरी ओर बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, मेरठ में भी लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि फतेहपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों में गर्म रात रहने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
संबंधित विषय:
Updated on:
27 May 2024 12:45 pm
Published on:
26 May 2024 06:33 pm
