scriptदो साल से दिव्यांगों को न ट्राइसिकल मिली, न व्हील चेयर | Disabled have not received wheel chair, tricycle for 2 years | Patrika News
खंडवा

दो साल से दिव्यांगों को न ट्राइसिकल मिली, न व्हील चेयर

उपकरणों के लिए भटक रहे दिव्यांग, नहीं हो रही सुनवाई
-सामाजिक न्याय विभाग 4 साल से प्रभारी अधिकारियों के भरोसे-एक साल में बदले पांच प्रभारी उपसंचालक, लोग हो रहे परेशान

खंडवाOct 27, 2020 / 10:13 pm

मनीष अरोड़ा

दो साल से दिव्यांगों को न ट्राइसिकल मिली, न व्हील चेयर

उपकरणों के लिए भटक रहे दिव्यांग, नहीं हो रही सुनवाई-सामाजिक न्याय विभाग 4 साल से प्रभारी अधिकारियों के भरोसे-एक साल में बदले पांच प्रभारी उपसंचालक, लोग हो रहे परेशान

खंडवा.
जिलेभर के दिव्यांग दो साल से ट्राइसिकल, व्हील चेयर के लिए भटक रहे है। सामाजिक न्याय कल्याण विभाग दिव्यांगों को ट्राइसिकल व व्हीलचेयर तक उपलब्ध नहीं करा पा रहा है। जनवरी माह में बाल संरक्षण आयोग की बैंच के समय भी ये बात सामने आई थी। तब तत्कालीन कलेक्टर ने एलिम्को के माध्यम से शिविर लगाकर जल्द ही दिव्यांगों को उपकरण दिलाने की बात कही थी। मार्च में शिविर भी लगा और दिव्यांगों का चयन भी हुआ, लेकिन उपकरण आज तक नहीं मिले।
सामाजिक न्याय विभाग द्वारा पिछले ढाई साल से व्हील चेयर और ट्राइसिकल नहीं बांटी गई है। इसका मुख्य कारण यहां वर्ष 2017 से स्थाई उपसंचालक के नहीं होना बताया जा रहा है। पिछले तीन साल में यहां कई प्रभारी अधिकारी बदल चुके हैं। इस साल ही यहां पांच अधिकारी प्रभारी के रूप में बदले जा चुके है। जिसके चलते कार्य प्रभावित हो रहा है। दिव्यांगों सहित मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में विवाह/निकाह करने वाले कई जोड़े भी करीब दो साल से योजना के तहत मिलने वाली राशि के लिए भटक रहे है। आयोजन समिति के शफीक खान ने बताया कि सामाजिक न्याय विभाग में राशि आ चुकी हैं। अधिकारियों द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने से कई युगल जोड़ों को राशि नहीं मिल पा रही है।
सम्मान मिला, मगर नहीं मिली व्हील चेयर
पड़ावा निवासी जेनब बी (90) उम्र के कारण ज्यादा देर न तो खड़े हो पाती है, न ही चल पाती है। जेनब बी ने भी सामाजिक न्याय विभाग सहित नगर निगम में व्हील चेयर के लिए आवेदन दिया, लेकिन आज तक उन्हें व्हील चेयर नहीं मिल पाई। नगर निगम द्वारा पिछले साल वृद्धजन दिवस पर उनका सम्मान भी किया गया, लेकिन व्हील चेयर नहीं मिली। ग्राम पलकना निवासी दिव्यांग देवीसिंह भी लंबे समय से व्हील चेयर के लिए भटक रहा है। देवीसिंह ने पिछले सप्ताह भी कलेक्टर को आवेदन देकर व्हील चेयर की मांग की थी।
उप चुनाव के बाद बांटेंगे उपकरण
मार्च में हितग्राहियों का चयन हुआ था, लेकिन उसके बाद कोरोना संक्रमण के चलते लॉक डाउन लग गया था। अभी चुनाव के कारण आचार संहिता लगी हुई हैं। उपचुनाव के बाद हितग्राहियों को उपकरण बांटे जाएंगे। कन्यादान योजना की राशि एक-एक कर हितग्राहियों के खातों में डाली जा रही है।
अनुभा जैन, डिप्टी कलेक्टर, प्रभारी उपसंचालक सामाजिक न्याय

Home / Khandwa / दो साल से दिव्यांगों को न ट्राइसिकल मिली, न व्हील चेयर

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो