scriptलाल चौकी पर चले लात-घूंसे तो सिहाड़ा में रही गहमागहमी | Holi celebration: Youth sparked a lot of color | Patrika News
खंडवा

लाल चौकी पर चले लात-घूंसे तो सिहाड़ा में रही गहमागहमी

होली पर्व शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। सुबह से ही सड़कों पर युवाओं की टोलिया गुलाल-रंग उड़ाते हुए निकली।
 

खंडवाMar 02, 2018 / 07:56 pm

जितेंद्र तिवारी

Holi celebration: Youth sparked a lot of color

Holi celebration: Youth sparked a lot of color

खंडवा. होली पर्व के पहले दिन धुलेंडी पर रंगों का खुमार युवाओं में देखने को मिला। बच्चों से लेकर बुजुर्गों ने जमकर होली खेली। एक-दूसरे को खूब रंग लगाया। शहर की स्थिति यह रही कि मुख्य बाजार की सड़कें और गली-मोहल्लों की गलियां रंगों से सराबोर नजर आई। इसी बीच कुछ लोगों ने खुशी के त्योहार में खलल डालने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सख्त पहरे के चलते वह विफल रहे। लालचौकी पर शाम करीब ४ बजे मामूली विवाद पर जमकर लात-घूंसे चले। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। दोनों गुटों के लोग इकठ्ठा हो गए। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचा और हुड़दंगियों को जमकर सबक सिखाया। मोघट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विवाद करने वाले युवकों को दबोच लिया है। वहीं मारपीट में घायल हुए युवक की शिकायत पर हुड़दंगियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। इधर, ग्रामीण क्षेत्र स्थित ग्राम सिहाड़ा में दोपहर बाद गहमागहमी का माहौल रहा। माहौल गर्म देख पुलिस बल ग्राम में पहुंचा। पूरे ग्राम में पुलिस तैनात कर दिया गया। पुलिस की सतर्क के चलते शांति पूर्ण ढंग से मनाया गया।
दुर्घटनाओं में जख्मी हुए लोग
होली मनाने घरों से निकले युवाओं ने दोस्तों के साथ जमकर रंग-गुलाल से होली खेली। इसी बीच कुछ शहर तो कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में दुर्घटनाओं के शिकार होकर युवा जख्मी हुए। सड़क दुर्घटनाओं में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए है। घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कलेक्टर ने सपरिवार मूक बधिर बच्चों के साथ मनाई होली
खंडवा कलेक्टर अभिषेक सिंह ने सपरिवार छात्रावास पहुंचकर मूक बधिर बच्चों के साथ होली मनाई। उन्होंने बच्चों को होली पर्व पर विशेष भोज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों को रंग गुलाल लगाया और उन्हें नए कपड़े भी बांटे। इसी दौरान कलेक्टर की पत्नी ने होली के गीतों पर बच्चों के साथ डांस भी किया। कलेक्टर सिंह के आगमन से बच्चों का होली पर्व का उत्साह कई गुना हो गया। बच्चों ने खूब होली मनाई। एक-दूसरे को खूब रंग लगाया और जमकर थिरके।

सिंधी समाज मनाएगा सामूहिक होली उत्सव
सिंधी पंचायत द्वारा शुक्रवार को सामूहिक होली मनाई गई। पूज्य सिंधी पंचायत के प्रवक्ता कमल नागपाल ने बताया कि कार्यक्रम में सिर्फ गुलाल का उपयोग किया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समाजजन सुबह सिंधी धर्मशाला के सामने बगीचा ग्राउंड में एकत्र हुए। सुबह 9.30 बजे से 10.30 बजे तक कार्यक्रम चला। यहां समाजजनों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली खेली। धार्मिक आस्था के केंद्रों में गणमान्य एक साथ पहुंचे आशीर्वाद लिया। बगीचे में पहली होली वाले गमगीन परिवारजनों को गुलाल का टीका लगाया जाएगा। वहीं बुजुर्गों से आशीर्वाद लेकर सामाजिक दायित्वों का निर्वाहन भी किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी और राजनीतिक शख्सियतों के शामिल हुए। इस दौरान पूज्य सिंधी पंचायत के संरक्षक गेहीराम सीतलानी, सुंदरदास फतवानी, अध्यक्ष भगवानदास आरतानी, उपाध्यक्ष नानकराम चंदवानी, सचिव श्याम हेमवानी, वसूली समिति चैयरमेन ताराचंद जेठवानी सहित सभी पदाधिकारियों ने आयोजन में हिस्सा लिया।

Home / Khandwa / लाल चौकी पर चले लात-घूंसे तो सिहाड़ा में रही गहमागहमी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो