scriptशान से लहराया तिरंगा, सादगी से मना आजादी का जश्न | Tiranga waved with pride, celebrating freedom with simplicity | Patrika News
खंडवा

शान से लहराया तिरंगा, सादगी से मना आजादी का जश्न

-स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्टर ने किया ध्वजारोहण-भोपाल से मुख्यमंत्री के संदेश का हुआ सीधा प्रसारण

खंडवाAug 15, 2020 / 12:40 pm

मनीष अरोड़ा

शान से लहराया तिरंगा, सादगी से मना आजादी का जश्न

-स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्टर ने किया ध्वजारोहण-भोपाल से मुख्यमंत्री के संदेश का हुआ सीधा प्रसारण

खंडवा.
देश की आजादी का जश्न कोरोना संक्रमण काल के चलते जिलेभर में सादगी से मनाया गया। 74वें स्वतंत्रता दिवस पर सार्वजनिक आयोजन की बजाए शासकीय कार्यालयों में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी गई। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट खंडवा में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर अनय द्विवेदी ने कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह, जिला पंचायत सीइओ रोशन कुमार सिंह, अपर कलेक्टर नंदा भलावे कुशरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीमा अलावा, प्रकाश परिहार, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। उन्होंने उपस्थित अधिकारी कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में भोपाल से स्वतंत्रता दिवस समारोह के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में ध्वजारोहण कार्यक्रम को प्रसारित किया गया। कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर अनय द्विवेदी ने उपस्थित सभी अधिकारी कर्मचारियों को इस अभियान से संबंधित शपथ दिलाई। सभी अधिकारी कर्मचारियों ने संकल्प पत्र पर हस्ताक्षर भी किए। इससे पूर्व कलेक्टर ने अपने निवास पर भी ध्वजारोहण किया।
सभी शासकीय कार्यालयों में हुआ ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न हुआ। जिला न्यायालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश एलडी बौरासी ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर सभी न्यायाधीशगण मौजूद थे। इसके अलावा जिला पंचायत परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हसीना भाटे ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीइओ रोशन कुमार सिंह सहित विभिन्न अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने ध्वजारोहण किया।

Home / Khandwa / शान से लहराया तिरंगा, सादगी से मना आजादी का जश्न

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो