– पूर्व मिदनापुर जिले के दीघा थाना इलाके के होटल में एक पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक का नाम ईशान अकबर(28) है। वह हुगली जिले के इस्लामपाड़ा इलाके का रहने वाला था।
कोलकाता•Mar 03, 2019 / 04:51 pm•
Jyoti Dubey
दीघा के होटल में पर्यटक की संदिग्ध हालात में मौत
कोलकाता. पूर्व मिदनापुर जिले के दीघा थाना इलाके के होटल में एक पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक का नाम ईशान अकबर(28) है। वह हुगली जिले के इस्लामपाड़ा इलाके का रहने वाला था। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार गत 3 दिनों पहले वह अपनी पत्नी जामेला बीवी संग दीघा घूमने गया था। सोमवार को उसने उक्त होटल में चेक-इन किया और शुक्रवार तडक़े होटल छोडऩे की बात बताई। होटल कर्मियों के अनुसार पिछले 3 दिनों तक दोनों पति-पत्नी ने खुशहाल समय गुजारा। गुरुवार की रात भी दोनों देर शाम तक बाहर से घूमकर आए और रात का खाना रोजाना की तरह अपने कमरे में मंगा लिया था। शुक्रवार तडक़े कमरे से जामेला के चिल्लाने की आवाज आई। उसकी आवाज सुनकर होटल के प्रबंधक व कर्मी कमरे में पहुंचे। वहां उन्होंने ईशान को बिस्तर पर अचेत हालत में पड़ा हुआ पाया। उसे दीघा स्टेट जनरल अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि उसकी मौत का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पूर्व इस बारे में कुछ भी कहने से इन्कार किया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।