scriptबंगाल: बंदूक की नोंक पर भाजपा नेता की पुत्री का अपहरण | Bengal: BJP leader's daughter kidnaped on gun point | Patrika News
कोलकाता

बंगाल: बंदूक की नोंक पर भाजपा नेता की पुत्री का अपहरण

– 5 महीना पहले तृणमूल से नाता तोडक़र भाजपा में शामिल हुए थे सुप्रभात
– भडक़े भाजपा समर्थकों ने लाभपुर थाने का घेराव किया, रास्ता रोका

कोलकाताFeb 15, 2019 / 07:17 pm

Ashutosh Kumar Singh

kolkata West Bengal

बंगाल: बंदूक की नोंक पर भाजपा नेता की पुत्री का अपहरण

कोलकाता

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के लाभपुर में बंदूक की नोंक पर भाजपा नेता की २२ साल की बेटी को कथित रूप से अगवा किए जाने की घटना सामने आई है। भाजपा नेता का नाम सुप्रभात बटबयाल है। लाभपुर थाना क्षेत्र निवासी सुप्रभात पांच महीना पहले तृणमूल कांग्रेस से नाता तोडक़र भाजपा में शामिल हुए थे। गुरुवार भाजपा नेता अपने घर पर नहीं थे, तभी कुछ अपराधियों ने हमला बोल दिया। अपराधियों ने परिवार के सारे सदस्यों को मारपीट कर एक कमरे में बंद कर दिया और 22 साल की लडक़ी को जबरन अपनी गाड़ी में बिठा कर चंपत हो गए। घटना के संबंध में लाभपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जिला पुलिस अधीक्षक श्याम सिंह ने बताया कि संदेह के आधार पर एक जने को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ की जा रही है। वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान करने और गिरफ्तार करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। घटना को लेकर भाजपा समर्थकों में भारी गुस्सा है। भडक़े भाजपा समर्थकों ने लाभपुर पुलिस थाने का घेराव किया एवं जिले के सिउड़ी-कटवा मार्ग को अवरुद्ध करके लडक़ी के बारे में तुरंत पता लगाने की मांग की। खबर लिखे जाने तक स्थिति तनावपूर्ण थी।
तृणमूल में शामिल होने से पहले बटबयाल माकपा के एक जिला समिति सदस्य थे। उनके भाई सुजीत बटबयाल ने कहा कि यह जानकर कि सुप्रभात घर पर नहीं है, रात करीब आठ बजे पांच जने घर में घुसे। उन्होंने घर के लोगों को एक कमरे में कैद कर दिया और बाहर से ताला लगा दिया। फिर बंदूक की नोंक पर उनकी भतीजी को बाहर खींच लिया और उसे एक कार में बिठाकर अपने साथ ले गए।
पीडि़त परिवार ने वारदात के पीछे तृणमूल कांग्रेस के नेताओं का हाथ होने का संदेह जताया है। हालांकि एसपी सिंह ने कहा कि सभी पहलुओं से घटना की जांच हो रही है। अभी तक अपहरण के पीछे कोई राजनीतिक मकसद नहीं मिला है, लेकिन किसी भी संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता है। विस्तृत जांच जारी है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने बताया कि पुलिस ठीक ढंग से काम नहीं कर रही है। अभी तक अपहृत लडक़ी के बारे में कुछ पता नहीं चल पाया है। लोगों में गुस्सा है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो