scriptभाजपा महिला मोर्चा का ‘कानून तोड़ो आंदोलन’, राज्यभर में दी गिरफ्तारियां | BJP Mahila Morcha's 'Break the Law' movement | Patrika News
कोलकाता

भाजपा महिला मोर्चा का ‘कानून तोड़ो आंदोलन’, राज्यभर में दी गिरफ्तारियां

भाजपा कार्यकर्ता की पत्नी से गैंगरेप का मामला, कोलकाता सहित राज्य भर में विरोध प्रदर्शन

कोलकाताAug 13, 2021 / 12:07 am

MOHIT SHARMA

कोलकाता में गुरुवार को विवेकानंद रोड पर विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करती पुलिस।

कोलकाता में गुरुवार को विवेकानंद रोड पर विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करती पुलिस।

कोलकाता. हावड़ा जिले में पार्टी कार्यकर्ता की पत्नी से हुए गैंगरेप के खिलाफ भाजपा की महिला मोर्चा की ओर से गुरुवार को कोलकाता समेत पूरे राज्य में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कोलकाता में मोर्चा की सदस्यों ने कानून तोड़ो आंदोलन कर गिरफ्तारियां दी। विरोध-प्रदर्शन के दौरान मोर्चा सदस्यों की पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हुई। पार्टी की राज्य इकाई की महिला मोर्चा की अध्यक्ष तथा आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल समेत कई और महिला नेताओं व कार्यकर्ताओं को भवानी भवन के सामने विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार किया। सभी को प्रिजन वैन में बैठाकर लालबाजार स्थित सेंट्रल लाकअप ले जाया गया। देर शाम सभी को रिहा कर दिया गया।
हावड़ा जिले के भाजपा कार्यकर्ता की पत्नी के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई है। शनिवार को घटना सामने आने के बाद से भाजपा की ओर से इस घटना के खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इस घटना के खिलाफ बुधवार को भाजपा सांसदों ने दिल्ली में भी प्रदर्शन किया था।
खडग़पुर में 200 समर्थक गिरफ्तार
खडग़पुर. भाजपा महिला मोर्चा की ओर से गुरुवार को मेदिनीपुर शहर के जिला शासक कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा नेत्री उज्ज्वला शाह में बताया कि राज्य की मुख्यमंत्री एक महिला है लेकिन इसके बावजूद राज्य में महिला सुरक्षित नहीं है। महिलाओं पर खुलेआम अत्याचार हो रहा है। इस दौरान २०० भाजपा महिला समर्थकों ने गिरफ्तारी दी।
बैरकपुर में निकाला मार्च
भाजपा महिला मोर्चा की ओर से बैरकपुर चिडियामोड़ जंक्शन से बैरकपुर प्रशासनिक भवन तक मार्च निकाला।
भाजपा बैरकपुर आयोजन जिलाध्यक्ष रवींद्रनाथ भट्टाचार्य एवं महिला मोर्चा अध्यक्ष अपर्णा बल ने कहा प्रशासनिक भवन में प्रवेश करने से पहले भारी पुलिस बल ने उन्हें गेट पर रोक लिया वहां मौजूद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी पुलिस को घेर लिया और विरोध करने लगे।
हावड़ा में पुलिस व कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोंक-झोंक
हावड़ा. भाजपा कार्यकर्ता की पत्नी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हावड़ा सदर महिला मोर्चा की ओर से कानून भंग कर गिरफ्तारी दी गई। अगुवाई महिला मोर्चा की हावड़ा सदर अध्यक्ष दुर्गावती सिंह ने की। इस दौरान महिला पुलिस के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। महिला मोर्चा मोर्चा के सदस्य जिला कलक्टर के कार्यालय के समक्ष पहुंच गई थी। पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और तीखी नोक झोंक हुई।
इससे पहले जिला कलक्टर कार्यालय के समीप धरना-प्रदर्शन किया। इसमें महिला मोर्चा की अनीता सिंह, किरण सिंह, प्रियंका टिबडेवाल समेत कई महिलाएं थी। भाजपा नेता उमेश राय, मध्य हावड़ा मंडल के भाजपा नेता बद्री नारायण सिंह, भाजयुमो के हावड़ा सदर के अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह, भाजपा के जिला के महासचिव विनय अग्रवाल, सचिव विमल प्रसाद सहित एक दर्जन से अधिक नेता नेत्री मौजूद रहे। वहीं उलूबेडिय़ा के एसडीओ कार्यालय के समक्ष भाजपा समर्थकों ने प्रदर्शन किया। इससे पहले जुलूस निकाला गया। हावड़ा ग्रामीण के भाजपा अध्यक्ष प्रत्यूष मंडल की अगुवाई में किया गया। इस अवसर पर हावड़ा ग्रामीण के कई नेता मौजूद थे।

Home / Kolkata / भाजपा महिला मोर्चा का ‘कानून तोड़ो आंदोलन’, राज्यभर में दी गिरफ्तारियां

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो