scriptचलते ऑटो से गिरा मासूम, मौत | Child died after falling from auto | Patrika News
कोलकाता

चलते ऑटो से गिरा मासूम, मौत

– बरानगर इलाके की घटना- लोगों ने किया हंगामा
-चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज

कोलकाताAug 07, 2018 / 10:38 pm

Ashutosh Kumar Singh

Kolkata West Bengal

चलते ऑटो से गिरा मासूम, मौत

कोलकाता

महानगर से सटे बरानगर इलाके में मंगलवार की सुबह चलते ऑटो से गिरने पर डेढ़ साल के एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। राजदीप सरदार नामक बच्चा अपनी मां की गोद में था। एसके मुखर्जी रोड पर तेज रफ्तार से वह ऑटो दौड़ रहा था, तभी उसका एक ***** सडक़ पर बने गड्ढे में गिर गया। जोरदार झटका लगने से मासूम राजदीप मां की गोद से छिटक कर सडक़ पर गिर पड़ा। उसी ऑटो के पिछले चक्के के नीचे आ गया। वारदात के वाद ऑटो चालक वाहन के साथ फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता के साथ बच्चे को सागर दत्त मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका दम टूट गया। घटना से भडक़े लोगों ने सडक़ अवरोध कर जोरदार हंगामा किया। अवरोध हटाने पहुंची पुलिस पर लोग टूट पड़े। पुलिस के साथ लोगों ने धक्का-मुक्की की। पुलिस अधिकारियों की कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति सामान्य हुई। घटना के संबंध में बरानगर थाने में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने ऑटो चालक के खिलाफ भारतीय दंड विधान (भादवि) की धारा- 304 ए (गैर-इरादतन हत्या) के तहत मामला दर्ज किया है। उसकी तलाश की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक वह पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। घटना के लिए स्थानीय लोगों ने बरानगर नगरपालिका को दोषी ठहराया है। लोगों का आरोप है कि इलाके में सडक़ों की हालत खराब है। जगह-जगह पर गड्ढे बने हैं। बार-बार ध्यान आकृष्ट किए जाने के बावजूद सडक़ों की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। नन्हें राजदीप की मौत के लिए ऑटो चालक के साथ ही नगरपालिका के पदाधिकारी भी दोषी हैं। घटना की खबर पाकर घटनास्थल पर पहुंचे पार्षद दिलीप नारायण मंडल ने सडक़ की हालत खराब होने की बात स्वीकारी। लोगों ने तपिन रोड- शीतलातल्ला रूट के ऑटो चालकों पर लापरवाही के साथ ऑटो चालाने का भी आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बरानगर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि हादसा कैसे हुआ? अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। कुछ लोगों का कहना की ऑटो की रफ्तार काफी तेज थी। इस संबंध में जांच जारी है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो