रविवार को राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटे में एक्टिव मरीजों की संख्या में 143 की वृद्धि हुई है। राज्य में अब तक महामारी की चपेट में आने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 11,33,430 हो गई है। इनमें से 9,88,341 लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।
मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 13,284 हो गई है। राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या 1,31,805 हैं। रिकवरी रेट 87.20 फीसदी है। भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष फिर संक्रमित- प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष व पार्टी की नवनिर्वाचित विधायक अग्निमित्रा पाल फिर कोरोना संक्रमित हो गईं हैं।
उन्होंने वीडियो संदेश के जरिए इसकी जानकारी दी। अग्निमित्रा इससे पहले पिछले साल सितंबर में भी कोरोना संक्रमित हो गई थीं। उन्होंने हालिया संपन्न बंगाल विधानसभा चुनाव में आसनसोल दक्षिण सीट से जीत दर्ज की है।
संदेश में उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमित होने के बाद से मैं अपने कोलकाता स्थित घर में आइसोलेशन में हूं। बहुत जल्द स्वस्थ होकर आसनसोल लौटूंगी और अपने विधानसभा क्षेत्र के लोगों की सेवा में जुट जाऊंगी।
उत्तर 24 परगना जिला शीर्ष पर
संक्रमण और मौत के मामले में उत्तर 24 परगना जिला शीर्ष स्थान पर है। पिछले 24 घंटे में जिले में 4,116 लोग संक्रमित हुए हैं और 39 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे स्थान पर कोलकाता है। यहां 3,451 लोग संक्रमित हुए हैं और 33 लोगों की मौत हुई है। दक्षिण 24 परगना जिले तीसरे स्थान पर है। यहां 1,236 लोग संक्रमित हुए हैं और 16 लोगों की मौत हुई है। हावड़ा जिले में 7 और हुगली जिले में 3 लोगों की मौत हुई है।