scriptसुरंग का निर्माण करते समय मिट्टी धंसने से दो मजदूरों की मौत, 5 घायल | Two laborers died due to mudslide while constructing the tunnel | Patrika News

सुरंग का निर्माण करते समय मिट्टी धंसने से दो मजदूरों की मौत, 5 घायल

locationकोलकाताPublished: Jun 19, 2021 12:03:30 am

Submitted by:

MOHIT SHARMA

भारी बारिश के कारण हुआ हादसा, उत्तर बंगाल के कलिम्पोंग की घटना

कलिम्पोंग में रेलवे सुरंग में काम चलने के दौरान हुआ हादसा।

कलिम्पोंग में रेलवे सुरंग में काम चलने के दौरान हुआ हादसा।

कोलकाता . पश्चिम बंगाल के कलिम्पोंग जिले में ‘सिवोक-रंगपो रेल लाइन’ परियोजना के लिए सुरंग का निर्माण करते समय मिट्टी धंसने से दो मजदूरों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए।
घायलों को सिलीगुड़ी लाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुरंग में कुल 7 मजदूर फंसे थे। कलिम्पोंग के पुलिस अधीक्षक हरेकृष्ण पाई ने बताया कि मेल्ली थाना क्षेत्र में भालू खोला में सुरंग का निर्माण करते समय गुरुवार रात को मिट्टी धंस गई। कलिम्पोंग के एक अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि लगातार बारिश के कारण, सुरंग का जो हिस्सा भालू खोला की तरफ था वह ढह गया। रेलवे ने इस दुखद घटना पर खेद जताया है। वहीं मजदूरों के परिजनों ने मुआवजे की मांग की है।
ममता ने दिखाई थी प्रोजेक्ट को हरी झंडी
राज्य के पूर्व मंत्रीऔर सिलीगुड़ी नगर निगम के प्रशासक गौतम देव ने घटना पर खेद जताया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जब रेलवे मंत्री थीं तब उन्होंने इस प्रोजेक्ट को हरी झंडी दिखाई थी। इस परियोजना के 2023 में पूरा होने की बात है। परियोजना के पूरा होने के बाद इसका विस्तार सिक्किम में नाथुला तक किया जाएगा।
दो मजदूरों की हालत गंभीर
मिट्टी धंसने से पांच लोग घायल हो गए हैं। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को सिलीगुड़ी में उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एनबीएमसीएच) में भर्ती कराया गया है और अन्य तीन को मामूली चोट आई थीं, उनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
झारखंड व बिहार के हैं मजदूर
मृतकों की पहचान झारखंड के साइकू मुर्मू और नरेश सोरेन के तौर पर हुई है। वहीं, झारखंड के सुफल हेम्ब्रम, सुकेश्वर सिंह, ठाकुर दास, अशोक सिंह और बिहार के छपरा जिले के कुंदन सिंह हादसे में घायल हो गए। पश्चिम बंगाल के सिवोक से सिक्किम में रंगपो तक नई रेलवे लाइन हिमालयी राज्य को देश के रेलवे नेटवर्क से जोड़ेगी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो