scriptWest Bengal: कैब के विरोध में बंगाल की सीएम ममता का बड़ा ऐलान | West Bengal CM Mamata Banerjee announced agitation against CAB | Patrika News
कोलकाता

West Bengal: कैब के विरोध में बंगाल की सीएम ममता का बड़ा ऐलान

पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस नागरिकता संशोधन कानून (कैब) के विरोध में 16 को कोलकाता की सडक़ों पर उतरेगी।

कोलकाताDec 13, 2019 / 06:20 pm

Prabhat Kumar Gupta

West Bengal: कैब के विरोध में बंगाल की सीएम ममता का बड़ा ऐलान

West Bengal: कैब के विरोध में बंगाल की सीएम ममता का बड़ा ऐलान

कोलकाता.
पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस नागरिकता संशोधन कानून (कैब) के विरोध में 16 को कोलकाता की सडक़ों पर उतरेगी। तृणमूल का जुलूस संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति के समक्ष से निकल कर कविगुरु रवीन्द्रनाथ टैगोर की जन्मस्थली जोड़ासांकू ठाकुरबाड़ी तक जाएगी। पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी उक्त जुलूस का नेतृत्व करेंगी। सोशल नेटवर्क ट्वीटर पर ममता ने पार्टी कार्यकर्ताओं को उक्त मुद्दे पर बड़े पैमाने पर आंदोलन चलाने का संदेश दिया है।
उन्होंने दक्षिण कोलकाता में 17 दिसम्बर को जादवपुर 8-बी बस स्टैंड से मेयो रोड स्थित गांधी प्रतिमा तक जुलूस निकालने का निर्देश दिया है। पूर्व मिदनापुर जिले के तीन दिवसीय यात्रा के अंतिम दिन शुक्रवार को ममता ने दोहराया कि वह किसी भी सूरत में एनआरसी और कैब को पश्चिम बंगाल में लागू नहीं करने देंगी।
तृणमूल सुप्रीमो ने कहा कि भाजपा नीत एनडीए सरकार उक्त कानून को लागू करने के लिए राज्यों को बाध्य नहीं कर सकती। भले ही संसद ने इसे पारित किया है। उल्लेखनीय है कि नागरिकता संशोधन बिल 2019 का विरोध कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने किया है जिसमें पंजाब, छत्तीसगढ़, केरल और पश्चिम बंगाल प्रमुख हैं।
जिलों में 15 को धरना-प्रदर्शन:
तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो के निर्देशानुसार पार्टी कार्यकर्ता 15 दिसम्बर रविवार को राज्य के समस्त जिलों में धरना-प्रदर्शन करेंगे। इस संदर्भ में तृणमूल भवन ने सभी जिला कमेटियों और स्थानीय विधायकों को सूचित किया है। एनआरसी और कैब के खिलाफ लोगों में जागरूकता फैलाने तथा आंदोलन में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।
ममता ने दिल्ली की यात्रा रद्द की:
राज्य में सिलसिलेवार विरोध प्रदर्शनों की घोषणा करते हुए ममता ने कहा कि उन्होंने महात्मा गांधी की 150वीं जयंती से जुड़े समारोह से संबंधित बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली की यात्रा भी रद्द कर दी है। उन्होंने कहा कि नागरिकता कानून भारत को विभाजित करेगा। जब तक हम सत्ता में हैं, राज्य के एक भी व्यक्ति को भी देश नहीं छोडऩे देंगे। जापान के प्रधानमंत्री शिन्जो आबे की प्रस्तावित असम यात्रा के संदर्भ में ममता ने कहा कि यह देश की साख पर ‘धब्बा’ होगा अगर पूर्वोत्तर में नागरिकता कानून के विरोध के चलते वह अपनी यात्रा रद्द कर देते हैं। उल्लेखनीय है कि आबे ने अपनी प्रस्तावित गुवाहाटी का दौरा रद्द कर दिया है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो