script289 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे 3.76 लाख मतदाता | 3.76 lakh voters to decide the fate of 289 candidates | Patrika News
कोटा

289 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे 3.76 लाख मतदाता

कोटा दक्षिण नगर निगम में भाजपा और कांग्रेस ने मतदाताओं को रिझाने में ताकत लगा दी है। यहां भाजपा 79 और कांग्रेस 80 वार्डों में चुनाव लड़ रही है। ज्यादातर वार्डों में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है।

कोटाOct 31, 2020 / 12:04 pm

Jaggo Singh Dhaker

अब एक ही सवाल...किसका बनेगा बोर्ड

अब एक ही सवाल…किसका बनेगा बोर्ड

कोटा. कोटा दक्षिण नगर निगम में भले ही चुनावी शोर थम गया है, लेकिन प्रत्याशी एक-एक मतदाता से संपर्क करने की मशक्कत कर रहे हैं। यहां 1 नवम्बर को मतदान होगा। इस निगम में 80 वार्डों में 289 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। अब प्रत्याशी और उनके समर्थक फोन करके मतदाताओं को रिझाने का प्रयास कर रहे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी उज्ज्वल राठौड़ ने मतदान के दौरान कोरोना गाइड लाइन की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मतदान कर्मी आज सुबह 9 बजे अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान केन्द्रों के लिए रवाना होना शुरू हो गए।
इस निगम में भाजपा के एक प्रत्याशी का नामांकन खारिज हो गया था। इस कारण भाजपा 79 वार्डों में ही चुनाव लड़ रही है। एक वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी को समर्थन दिया है। कांग्रेस सभी 80 वार्डों में चुनाव लड़ रही है। गौरतलब कि उत्तर निगम में 65.12 फीसदी मतदान हुआ है। दोनों ही दलों के नेता दक्षिण निगम में भी मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए जोर लगा रहे हैं।
यह है चुनाव से जुड़ा विवरण
सुबह 7.30 से शाम 5.50 बजे मतदान होगा।
623 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।
3 लाख 76 हजार 326 कुल मतदाता।
1 लाख 93 हजार 973 पुरुष मतदाता।
1 लाख 82 हजार 349 महिला मतदाता।
महापौर की सीट सामान्य वर्ग।
अंतिम दिन भाजपा विधायक और पूर्व विधायक प्रचार में जुटे रहे

दक्षिण नगर निगम के चुनाव प्रचार के आखिरी दिन भाजपा नेताओं ने पूरी ताकत झौंक दी। प्रत्याशियों की ओर से दिनभर वार्डों में रोड शो और रैलियां निकाली गई। कोटा दक्षिण के विधायक संदीप शर्मा शुक्रवार को दो दर्जन वार्डों के रोड शो और जुलूस में शामिल होकर मतदाताओं से वोट डालने की अपील की। रामगंजमंडी विधायक मदन दिलावर रामगंजमंडी क्षेत्र के आठ वार्डों में लगातार जनसम्पर्क में जुटे रहे। पूर्व विधायक हीरालाल नागर, पूर्व विधायक भवानीसिंह राजावत, देहात जिलाध्यक्ष मुकुट नागर और पूर्व महापौर महेश विजय ने अलग-अलग वार्डों में प्रत्याशियों की ओर से निकली गई रैलियों में शामिल होकर प्रचार किया। शहर अध्यक्ष कृष्णकुमार सोनी होम क्वारेंटाइन होने के कारण फोन पर ही कार्यकर्ताओं से संवाद बनाए हुए हैं। नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश बिरला भी फोन पर कार्यकर्ताओं व लोगों से बात कर रहे हैं। कोटा सहकारी उपभोक्ता भण्डार के अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला ने कई वार्डों में कार्यकर्ताओं की बैठकें लेकर दिनभर सक्रिय रहे।
कांग्रेस: प्रत्याशियों के लिए सुबह से शाम तक मांगे वोट
नगर निगम कोटा दक्षिण में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को अपने दल के प्रत्याशियों के समर्थन में सुबह से शाम तक जनसंपर्क किया। रैली के माध्यम से भी वोट मांगे गए।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रविन्द्र त्यागी ने बताया कि भाजपा के पिछले बोर्ड ने शहर की बुरी हालत कर दी है। इसलिए जनता इस बार सोच समझकर मतदान करेगी। उन्होंने कहा, गुटबाजी होने के कारण भाजपा प्रत्याशियों के प्रचार के लिए बाहर के नेता बुलाए, लेकिन कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस की ओर से राखी गौतम ने कई वार्डों में जनसंपर्क किया। वहीं पिछले दिनों देहात जिलाध्य सरोज मीना, पूर्व मंत्री रामगोपाल बैरवा, पूर्व प्रदेश महामंत्री पंकज मेहता, शिवकांत नंदवाना और पूर्व विधायक पूनम गोयल सहित कई नेता भी अपने तरीके से सक्रिय रहे।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो