
कोटा .
राजकीय कॉलेजों में परीक्षा फार्म जमा करने की गुरुवार को अंतिम तिथि होने से स्टूडेंटस की खासी भीड़ उमड़ी। घंटों लाइनों में खड़े रहने से छात्र परेशान होते रहे। कुछ छात्रों ने व्यवस्था सुधारने और अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग पर हंगामा कर दिया।
कामर्स कॉलेज में आवेदन जमा करने को लेकर छात्रों में लाते-घूंसे चल गए। यहां छात्रों ने छात्रसंघ अध्यक्ष विशाल मेवाड़ा के साथ मारपीट कर दी। पुलिस पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कॉलेज में अंतिम तिथि होने के कारण आवेदन पत्र जमा करवाने के लिए कतार लगी हुई थी। विद्यार्थी देर से अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।
इसी दौरान छात्रसंघ अध्यक्ष विशाल मेवाड़ा आया और विण्डो से कुछ आवेदन सीधे ही देने लगा। इसका कतार में खड़े अन्य छात्रों ने विरोध शुरू कर दिया और उनमें कहासुनी हो गई। इस पर छात्रसंघ अध्यक्ष और छात्र आपस में उलझ गए। गुस्साए छात्रों ने छात्रसंघ अध्यक्ष की लातों और घूसों से पिटाई कर दी। घटनाक्रम देर तक चला। छात्रों का आरोप था कि छात्रसंघ अध्यक्ष ने लाइन को तोड़कर खुद चेहतों के आवेदन सीधे ही विंडों में दिए। छात्रों के विरोध करने पर उनके साथ अभद्रता की तो उन्हें गुस्सा आया और छात्रों व अध्यक्ष में जमकर लाते-घूसे चले। स्थिति बिगड़ती देख किसी ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत किया। हालांकि झगड़े में किसी को ज्यादा चोटें नहीं आई है।
परीक्षा फार्म जमा कराने की अंतिम तिथि पर हंगामा
गवर्नमेंट कॉलेज में परीक्षा फ ार्म जमा करने की गुरुवार को आखिरी तिथि होने से कॉलेज में स्टूडेंटस की खासी भीड़ उमड़ पड़ी। घंटों लाइनों में खड़े रहने से छात्र परेशान हो गए। कुछ छात्रों ने व्यवस्था सुधारने और अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग पर हंगामा कर दिया। फ ार्म जमा कर रहे स्टाफ को उनके कक्ष से बाहर निकाल दिया। उसी समय नाराज छात्र प्रिंसिपल के चेंबर में ज्ञापन देने जा रहे थे तभी सूचना पर कॉलेज पहुंची नयापुरा थाना पुलिस ने लाठियां भांजना शुरू कर दिया और छात्रों को खदेड़ा। इससे वहां भगदड़ मच गई। पुलिस ने कॉलेज के गेट तक छात्रों को भगाया। छात्र आगे और पुलिस पीछे दौड़ती हुई गेट पर पहुंची। बाद में पुलिस की मौजूदगी में व्यवस्था बनाकर फ ार्म जमा करवाए गए।
कार्यवाहक प्रिंसिपल चेम्बर में नारेबाजी
लाठीचार्ज की घटना व तिथि बढऩे को लेकर छात्रों ने कार्यवाहक प्रिंसिपल के सामने जमकर नारेबाजी की। छात्रों ने कहा कि कॉलेज में पुलिस प्रशासन दखल देना सही नहीं है। इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने ज्ञापन भी दिया।
गर्वमेंट कॉलेज पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अविनाश योगी का कहना है कि कॉलेज में परीक्षा फार्म जमा कराने की आज अंतिम तिथि थी। छात्र ज्यादा होने के कारण कार्यवाहक प्रिंसिपल को ज्ञापन देने जा रहे थे, तभी पुलिस ने लाठीचार्ज कर छात्रों को खदेड़ा। प्रिंसिपल को इस मामले में अवगत कराया। कॉलेज में इस तरह की घटनाएं सही नहीं है।
नयापुरा एएसआई राजेन्द्र सिंह का कहना है कि कॉलेज में कुछ छात्र व्यवस्था बिगाड़ रहे थे। उनको नियंत्रित करने के लिए खदेड़ा। उसके बाद व्यवस्था सुचारू की गई।
Updated on:
30 Nov 2017, 6:49 PM IST
Published on:
30 Nov 2017, 6:28 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.