
कोटा या राजस्थान ही नहीं अब पूरे देश में महिलाओं की चोटी कटने की घटनाएं सामने आने लगी हैं। अचानक चोटी कटने की इन घटनाओं की गुत्थी है कि सुलझने के बजाय और उलझती ही जा रही है। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही अफवाहों से महिलाओं में फैल रहे डर को कम करने के लिए अब हास परिहास का दौर भी शुरू हो गया है। हरियाणा के तीन दोस्तों ने तो इस घटना पर पूरा डीजे सॉन्ग ही बना डाला है। जो सोशल मीडिया पर खासा वायरल हो रहा है।
चोटी कट गई लुगाइंया की...
राजस्थान से शुरू हुआ चाेटी कटने का सिलसिला दिल्ली, हरियाणा अाैर मध्यप्रदेश के साथ-साथ जब पूरे देश में फैला तो पुलिस प्रशासन इनकी जांच में जुट गया। कई जगह ऐसे मामले भी सामने आए कि महिलाओं ने खुद ही चोटी कटवा कर हंगामा खड़ा कर दिया। इस तरह के मामले सामने आने के बाद अब महिलाओं की चोटी कटने की घटनाएं मजाक का हिस्सा भी बन गई हैं। सोशल मीडिया पर मजाक से भरे तमाम मैसेज आ रहे हैं। वहीं तीन दोस्तों ने तो सभी को पीछे छोड़ चोटी काटने की घटना पर डीजे सॉन्ग ही बना डाला है, जो सोशल मीडिया पर खासा वायरल हो रहा है।
डर निकालने के लिए तैयार किया गाना
राजस्थान पत्रिका से विशेष बातचीत करते हुए राइटर और सिंगर बिंटू लाल बड़ाला ने बताया कि चोटी काटने की घटनाओं से डरी सहमी महिलाओं को लेकर जब मजाक का दौर शुरू हुआ तो उनसे रहा नहीं गया। उन्होंने महिलाओं का डर निकालने के लिए महज दस मिनट में एक गाना लिख डाला 'चोटी कट गई लुगाइंया की'। हरियाणा के हांसी कस्बे में स्थित झंकार स्टूडियो के कॉर्डिनेटर संदीप नागर और साउंड रिकॉर्डिस्ट मंजीत चंटिया ने जब इसे सुना तो उन्होंने तुरंत ही एक पुराने हरियाणवी म्यूजिक पर इसकी इसकी रिकॉर्डिंग कर डाली। गाना भी बिंटू ने खुद ही खाया है।
नहीं कराया कॉपी राइट
मंजीत चंटिया बताते हैं कि गाना लिखने, गाने और उसे रिकॉर्ड करने में सिर्फ एक घंटे का वक्त लगा। पहले तो उनके मन में आया कि इसका कॉपी राइट कराएं, लेकिन तीनों दोस्तों ने तय किया कि महिलाओं के मन का डर निकालने के लिए इस गाने को तैयार किया है इसलिए जितने ज्यादा लोगों तक पहुंच जाए उतनी ही अच्छा है और इसके बाद कॉपी राइट कराए बिना ही उन्होंने यह गाना सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
संदीप बताते हैं कि उन लोगों ने मजाक-मजाक में सारा काम किया था, लेकिन जब हरियाणा और राजस्थान में लोगों ने इस ऑडियो पर दो दर्जन से ज्यादा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किए तो पता चला कि उनका गाना तो खासा वायरल हो चुका है। संदीप कहते हैं कि इस गाने के जरिए उन्होंने कोशिश की थी कि चोटी काटने की अफवाहों को गंभीरता से लेने के बजाय लोग इनका मजाक उड़ाने लगेंगे तो शायद ऐसी घटनाएं बंद हो जाएं।
Updated on:
13 Aug 2017, 10:31 AM IST
Published on:
13 Aug 2017, 9:48 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.