दशहरा मेला कोटा की शान है और किसी भी लापरवाही से इस पर आंच ना आए इसीलिए राजस्थान पत्रिका हर पांचवें दिन मेले के निर्माण कार्य का ऑडिट कर जनता के सामने सच रख रहा है। 31 अगस्त को पत्रिका ने दशहरा मैदान की तैयारियों का पहला ऑडिट किया था जिसमें हालात इस कदर खराब मिले कि सड़कें तक खुदी पड़ी थी। कोई भी विकास कार्य 25-30 फीसदी से ज्यादा आगे नहीं बढ़ सका था। 4 सितंबर को किए दूसरे ऑडिट के दौरान काम में तेजी तो दिखी, लेकिन जिस रफ्तार से काम हो रहा था उससे हिसाब से मंजिल खासी दूर नजर आई। पहले ऑडिट के बाद निगम ने कार्यों में तेजी दिखाई, लेकिन अभी तक सभी प्रस्तावित आंतरिक रास्ते तैयार नहीं हुए। विजयश्री रंगमंच के पास पुलतों के दहन के लिए प्लेटफॉर्म तैयार नहीं हुआ। सोमवार को यहां खुदाई कार्य चल रहा था। अभी तक 50 फीसदी काम भी पूरे नहीं हो सके हैं। जबकि नगर निगम 90 फीसदी काम पूरे होने का दावा कर रहा है। अब तीसरा ऑडिट 9 सितंबर को किया जाएगा।