scriptकुचामन नगरपालिका ने 2019 में कराए 11 करोड़ के विकास कार्य | Kuchaman Municipality did 11 crore development work in 2019 | Patrika News
कुचामन शहर

कुचामन नगरपालिका ने 2019 में कराए 11 करोड़ के विकास कार्य

हेमन्त जोशी. कुचामनसिटी. नगरपालिका कुचामन सिटी, नागौर जिले में सबसे बड़ा नगरपालिका क्षेत्र है। साल 2019 में कुचामन शहर के लिए बड़ी सौगात के रुप में नवीन बस स्टेण्ड रहा है। काफी जद्दोजहद के बाद निर्माण स्वीकृति और फिर उच्च न्यायालय की रोक के बाद निर्माण स्वीकृति मिली। विरोध और आरोप-प्रत्यारोप के बीच पालिका ने कुल 11 करोड़ के विकास कार्य करवाए है। इस बीच अवैध कॉलोनियों को विकसित करवाने एवं नियमविरुद्ध कॉम्प्लैक्स निर्माण करवाने के मुद्दे पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगे।

कुचामन शहरDec 27, 2019 / 06:24 pm

Hemant Joshi

Kuchaman Municipality

Kuchaman Municipality

जहां वर्ष 2019 में हुए परिसीमन में कुल 45 वार्डों का गठन किया गया है। इस वर्ष नगरपालिका में सबसे बड़ा फेरबदल हुआ है कि पक्ष-विपक्ष की भूमिका गौण हो गई। राज्य सरकार व नगरपालिका बोर्ड अलग-अलग राजनैतिक दलों का होने के बावजूद यहां विकास कार्यों को गति मिली है। 7.80 करोड़ की लागत से नवीन बस स्टेण्ड इस साल की सबसे बड़ी उपलब्धि कही जा सकती है। हालांकि बस स्टेण्ड अभी शुरु नहीं हुआ है लेकिन लगभग बनकर तैयार हो चुका है। इसके अलावा 3 करोड़ की लागत से शहर में विकास कार्य और कई भवन व कार्य है जो गिनाए जा सकते है। खुद नगरपालिका उपाध्यक्ष कई मर्तबा अध्यक्ष और ईओ पर अवैध निर्माण कार्यों व नियम विरुद्ध कॉलोनियां विकसित करने में मिलीभगत के आरोप लगा चुके है।

140 करोड़ का था 2019-20 का बजट

नगरपालिका बोर्ड की 26 फरवरी को हुई बोर्ड बैठक में 140 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का बजट रखा गया था। बैठक में नवीन बस स्टेण्ड, सीवरेज योजना के अलावा 2 करोड़ की लागत से बनने वाले नगरपालिका के नये भवन का प्रस्ताव पारित किया। इसके अलावा 5 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का प्रस्ताव लिया गया था। यह बोर्ड बैठक वर्ष 2019 की पहली और अंतिम बोर्ड बैठक थी। इसके बाद नगरपालिका की ओर से कोई बोर्ड बैठक नहीं बुलाई गई। नगरपालिका के लिए सबसे शर्मनाक बात तो यह है कि पिछले तीन साल से यहां महज तीन बोर्ड बैठकें हुई है और वह भी पुलिस की निगरानी में हुई थी।
उपाध्यक्ष रहे अपने ही बोर्ड के खिलाफ

इस वर्ष नगरपालिका में उपाध्यक्ष मनोहरसिंह रुपपुरा अपने ही बोर्ड के खिलाफ नजर आए। रुपपुरा ने ही नगरपालिका के खिलाफ मोर्चा खोला और पालिकाध्यक्ष व ईओ पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। रुपपुरा का कहना है नगरपालिका अध्यक्ष केवल रबर स्टाम्प बनकर रह गए है। नगरपालिका को केवल अधिशासी अधिकारी ही चला रहे है, ना तो बोर्ड बैठकें बुलाई जाती है और ना ही पार्षदों की कोई सुनवाई होती है।

2019 में यह मुख्य मुद्दे रहे चर्चित-
* नगरपालिका की ओर से बनाए जा रहे नवीन बस स्टेण्ड पर उच्च न्यायालय की रोक
* रोक के बावजूद निर्माण करने पर पार्षदों का बवाल और विरोध
* 2 माह बाद उच्च न्यायालय ने बस स्टेण्ड बनाने की ईजाजत
* मास्टर प्लान के नियमों के विपरीत निर्माण कार्य और अवैध कॉलोनियों का मुद्दा
* सफाई कर्मचारियों की हड़ताल और स्वास्थ्य निरीक्षक बदले
* आवासीय भवन की ईजाजत लेकर वाणिज्यिक कॉम्प्लेक्स बनाने के मामले
2019 के मुख्य विकास कार्य-
* 7.80 करोड़ से नवीन बस स्टेण्ड का निर्माण
* 22 लाख से खान मौहल्ला में नवीन पार्क का निर्माण
* 48 लाख से अंबेडकर भवन का निर्माण
* 3 करोड़ से सीसी सडक़, डामर सडक़ व मरम्मत कार्य
* 45 लाख रुपए से 2 सुलभ कॉम्पलेक्स का निर्माण
* 10 लाख से कनाई पार्क में जिम व सौंदर्यकरण
यह प्रस्ताव अब भी कागजों में-
* सीवरेज के लिए 85 करोड़ के प्रस्ताव- प्रगति शून्य
* नगरपालिका भवन विस्तार के लिए थे 2 करोड़- टेण्डर हुए, निर्माण शुरु नहीं
* स्टेडियम विकास के 2 करोड़- प्रगति शून्य
* सौ सफाई कर्मियों की नई भर्ती के लिए प्रस्ताव- नहीं हो सकी भर्ती
* पालिका में सहायक अभियंता और आर. आई का पद सृजित करने का प्रस्ताव- प्रगति शून्य
* ऑनलाइन शिकायत सेल खोलने का प्रस्ताव- अब तक शून्य
* छोटी गलियों में आग बुझाने के लिए नई दमकल- प्रगति शून्य
* कचरा प्रबंधन के लिए बायोवेस्ट प्लांट बनाना- कार्रवाई शून्य
नए साल में नगरपालिका से 7 उम्मीदें-
* सीवरेज लाइन व नई पाइपलाइन डलवाना
* नगरपालिका का नवीन एवं आधुनिक भवन
* कचरा प्रबंधन
* स्टेडियम का विकास
* शहर को स्वच्छ बनाना
* आवारा गोवंश की समस्या से निजात
* नवीन बस स्टेण्ड के पास से पदमपुरा बाईपास रोड
इनका कहना-
आगामी वर्ष में बस स्टेण्ड का संचालन शुरु करवा दिया जाएगा। नगरपालिका भवन के लिए टेण्डर कर दिए गए है। सीवरेज का सरकार के स्तर पर प्रयास चल रहा है। स्टेडियम की कार्ययोजना भी बना रहे है। आगामी वर्ष में यह सभी कार्य हो जाऐंगे।
श्रवणराम चौधरी
अधिशासी अधिकारी, नगरपालिका।

वर्ष 2020 के लिए भी नई कार्य योजनाएं है। नगरपालिका भवन और सीवेरेज की तैयारी चल रही है। शीघ्र ही अन्य कार्य भी स्वीकृत कर विकास करवाया जाएगा।
राधेश्याम गट्टाणी
अध्यक्ष, नगरपालिका।

Home / Kuchaman City / कुचामन नगरपालिका ने 2019 में कराए 11 करोड़ के विकास कार्य

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो