प्रदेश प्रवक्ता डा. चन्द्रमोहन ने बताया कि प्रदेश की भाजपा सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ पूरी संवेदनशील है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोगों को अपना घर छोड़कर सरकारी कैंपों में शरण लेनी पड़ती है। पिछली सपा और बसपा सरकारों के दौरान राहत सामग्री वितरण में जमकर भ्रष्टाचार होने से बाढ़ पीड़ितों के हालात और भी बदतर हो जाते थे। वहीं दूसरी ओर भाजपा सरकार एक संवेदनशील सरकार है। इसमें भ्रष्टाचार के लिए जरा भी स्थान नहीं है। इसी ध्येय को लेकर चल रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में सत्ता संभालते ही बाढ़ पीड़ितों को मिलने वाली राहत सामग्री में किसी भी भ्रष्टाचार की आशंका को न केवल दूर किया बल्कि स्वयं राहत कार्य की निगरानी कर यह तय किया कि पीड़ितों को न्यूनतम कठिनाईयों का सामना करना पड़े।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर ही यूपी पुलिस ने नदी के बढ़ते जलस्तर से जनता को सतर्क करने की अनूठी पहल शुरू की है ताकि समय से पहले बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके। सरकार ने बाढ़ से प्रभावित पशुओं के लिए अलग से पशु कैंप की भी व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से ऐसी कार्ययोजना तैयार करने को कहा है जिससे आने वाले दिनों में बाढ़ का प्रकोप काफी कम किया जा सके।