
Indian Railways ने 12230 नई दिल्ली - लखनऊ मेल का बढ़ाया स्टॉपेज, अब इस स्टेशन पर भी होगा ठहराव
लखनऊ. नई दिल्ली से चलकर लखनऊ तक आने वाली रेलगाड़ी संख्या 12230 नई दिल्ली - लखनऊ मेल अब आलमनगर रेलवे स्टेशन पर भी ठहरेगी। इस ट्रेन को अगले छह महीनों तक के लिए प्रायोगिक तौर पर ठहराव दिया जा रहा है। इस दौरान के अनुभव के आधार पर आलमनगर स्टेशन पर इसे छह महीने के बाद इस स्टेशन पर ठहराने या न ठहराने के बारे में निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल आलमनगर रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन को एक मिनट का ठहराव दिया गया है और 2 जुलाई से यह ट्रेन आलमनगर स्टेशन पर ठहरेगी।
12229 लखनऊ - नई दिल्ली मेल को फिलहाल ठहराव नहीं
दूसरी ओर रेलगाड़ी संख्या 12229 लखनऊ - नई दिल्ली मेल को अभी आलमनगर स्टेशन पर ठहराव नहीं दिया गया है। माना जा रहा है कि नई दिल्ली से लखनऊ आने वाले यात्रियों की भीड़ को लखनऊ जंक्शन पर नियंत्रित करने के मकसद से रेलवे ने यह कदम उठाया है। आलमनगर के आसपास रहने वाले लोग या फिर ऐसे लोग, जिन्हें आलमनगर से आसानी से घर के लिए सवारी मिल जाएगी, वे इस स्टेशन पर उतर जायेंगे।
12229 लखनऊ - नई दिल्ली मेल को भी मिल सकता है ठहराव
नई दिल्ली से चलकर लखनऊ आने वाली रेलगाड़ी संख्या 12230 नई दिल्ली - लखनऊ मेल रास्ते में नई दिल्ली के बाद गाजियाबाद, हापुड़, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई और लखनऊ में ठहरती है। अब 2 जुलाई से यह ट्रेन लखनऊ से पहले आलमनगर में भी ठहरेगी। रेलवे अफसर बताते हैं कि लखनऊ से नई दिल्ली की ओर जाने वाली रेलगाड़ी संख्या 12229 लखनऊ - नई दिल्ली मेल को अभी ठहराव नहीं दिया गया है। अभी आलमनगर स्टेशन पर सुविधाओं को बढ़ाने का काम चल रहा है। आने वाले दिनों में दूसरी ट्रेन के ठहराव पर भी विचार किया जाएगा।
Updated on:
30 Jun 2018, 1:50 PM IST
Published on:
30 Jun 2018, 12:17 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.