आम आदमी पार्टी मुखिया अरविंद केजरीवाल की घोषणा के बाद यूपी की भाजपा सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थनाथ सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया के समक्ष सिद्धार्थनाथ सिंह ने केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहाकि, एक मुहावरा है मुंगेरीलाल के हसीन सपने जो कि 2022 में बदलकर केजरीवाल के हसीन सपने हो जाएगा।
कोरोना पर केजरीवाल को लगी थी फटकार :- लोकभवन में कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहाकि, लोकतंत्र में सभी को चुनाव लड़ने का हक है पर पहले वह दिल्ली संभालें जो उनसे संभल नहीं रही है। वो दिल्ली में लगातार बढ़ते कोविड केस नहीं संभाल सके हैं। अभी दिल्ली हाइकोर्ट ने ही उनसे सवाल किया कि जब कोरोना के मामले बढ़ रहे थे तो आप क्या कर रहे थे? जबकि यूपी में अब तक दो करोड़ कोरोना टेस्ट हो चुके हैं। यूपी में दो नए एम्स शुरू हो चुके हैं।
योगी सरकार दे रही है रोजगार :- यूपी में बेरोजगारी के आरोप पर सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहाकि, योगी सरकार ने चार लाख लोगों को सीधा रोजगार दिया है और करीब सवा करोड़ लोगों को स्वालम्बी बनाया है। उन्हें 2014 के चुनाव नहीं भूलने चाहिए जहां उन्हें बुरी तरह हार मिली थी।
पूर्वांचल का अपमान किया :- कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहाकि, केजरीवाल ने कहा था कि पूर्वांचल से 500 रुपए लेकर आने वाले लोग दिल्ली में पांच लाख का इलाज कराते हैं। उन्हें इसका जवाब देना चाहिए। उन्होंने पूर्वांचल के लोगों का अपमान किया है उन्हें इसका जवाब देना चाहिए।