लखनऊ

सपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में तय होगा ‘जीत’ का फॉर्मूला

– छोटे दलों से भी गठजोड़ पर भी हो सकता है विचार- भारतीय जनता पार्टी को घेरने की बनेगी रणनीति

लखनऊMar 12, 2020 / 04:13 pm

Hariom Dwivedi

सपा कार्यकारिणी की बैठक में राजनीतिक, आर्थिक व सामाजिक हालातों पर चर्चा तो होगी ही, सरकार को घेरने की रणनीति पर भी मंथन किया जाएगा

लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव विधानसभा चुनाव 2022 की तैयारियों में जुट गये हैं। विस चुनाव से पहले पार्टी की नजर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव और एमएलसी चुनाव पर है। इसे देखते हुए 14 मार्च को पार्टी मुख्यालय पर सपा कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई है। बैठक में राजनीतिक, आर्थिक व सामाजिक हालातों पर चर्चा तो होगी ही, सरकार को घेरने की रणनीति पर भी मंथन किया जाएगा। इस दौरान जमीनी स्तर पर सपा संगठन को और मजबूती देने की रणनीति भी तैयार की जाएगी। इस बैठक में जहां छोटे दलों से गठजोड़ (एडजेस्टमेंट) की भी रणनीति बनेगी, वहीं शिवपाल यादव से गठबंधन का भविष्य भी तय हो सकता है।
समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 14 मार्च को लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में सुबह 11 बजे से होगी। इसमें प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव समेत करीब 50 प्रमुख नेता शामिल होंगे। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव करेंगे। राष्ट्रीय कार्यसमिति नीतिगत फैसले लेने के लिए पार्टी की सर्वोच्च बॉडी है। कार्यसमिति प्रस्ताव पारित कर संगठन से जुड़े नीतिगत फैसलों के लिए अखिलेश यादव को अधिकृत कर सकती है।
पंचायत चुनाव पर भी फैसला
विधानसभा चुनाव से पहले इसी वर्ष त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव और एमएलसी चुनाव हैं। पंचायत चुनाव पार्टी के बैनर पर लड़ा जाये या नहीं, कार्यकारिणी में इस पर भी फैसला हो सकता है। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को एक्टिव करने की रणनीति बनेगी। साथ ही 22 मार्च को प्रदेश की सभी तहसीलों मे सपा का धरना और 23 मार्च को युवा संगठन की साइकिल यात्रा को सफल बनाने पर भी चर्चा होगी।
राज्यसभा चुनाव की भी चर्चा
सपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में चर्चा राज्यसभा चुनाव की भी होगी। इस वर्ष समाजवादी पार्टी के पांच सदस्य राज्यसभा से रिटायर हो रहे हैं, जिनमें प्रोफेसर रामगोपाल यादव और बेनी प्रसाद वर्मा प्रमुख हैं। पार्टी किसी एक को ही राज्यसभा भेज सकती है। ऐसे में वह नाम कौन होगा, चर्चा इस पर भी होगी।
यह भी पढ़ें

मुलायम से मिलकर गदगद हुए ओम प्रकाश राजभर, यूपी के सियासी गलियारों में बढ़ी हलचल


कार्यकारिणी में इन मुद्दों पर चर्चा संभव
– त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव
– एमएलसी चुनाव
– संगठन की सक्रियता
– जनता से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन की रूपरेखा
– सरकार को घेरने की रणनीति

यह भी पढ़ें

…तो इसलिए 2022 में सपा के लिए जरूरी होंगे शिवपाल यादव, खुद दिया बड़ा बयान



Hindi News / Lucknow / सपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में तय होगा ‘जीत’ का फॉर्मूला

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.