scriptयोगी सरकार आज पेश करेगी बजट, 2024 लोकसभा चुनाव को देखते हुए किसानों और महिलाओं पर रहेगी नजर | up budget 2024 updates cm yogi adityanath suresh khanna in vidhansabha akhilesh yadav | Patrika News
लखनऊ

योगी सरकार आज पेश करेगी बजट, 2024 लोकसभा चुनाव को देखते हुए किसानों और महिलाओं पर रहेगी नजर

UP Budget 2024 Updates: वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना आज यानी सोमवार सुबह 11 बजे विधान सभा में बजट पेश करेंगे। इससे पहले वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने अपने आवास पर पूजा – अर्चना की।

लखनऊFeb 05, 2024 / 09:55 am

Anand Shukla

up budget 2024 updates cm yogi adityanath suresh khanna in vidhansabha akhilesh yadav
UP Budget 2024 Updates: योगी सरकार आज अपने दूसरे कार्यकाल का तीसरा बजट सदन में पेश करेगी। सोमवार सुबह 11 बजे वित्तमंत्री सुरेश खन्ना सदन में बजट को पेश करेंगें। इस बजट का आकार करीब 7.60 लाख करोड़ रुपये से अधिक के होने का अनुमान है। किसान, युवा, महिलाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर पर बजट का फोकस हो सकता है। इसके साथ ही अयोध्या, काशी, मथुरा और प्रयागराज जैसे धार्मिक स्थलों के विकास पर होने की संभावना है।
बजट पेश करने से पहले वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने लखनऊ में अपने आवास पर पूजा-अर्चना की। इससे पहले रविवार को वित्तमंत्री ने अपने कार्यालय में बजट दस्तावेज पर हस्ताक्षर कर उसे अंतिम रूप दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में यह बजट प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का मजबूत आधार स्तंभ बनेगा। यह बजट प्रदेश के समग्र विकास के साथ ही आधारभूत ढांचे के पुननिर्माण और गरीबों, वंचितों, युवाओं, महिलाओं किसानों को सम्मानजनक जीवन जीने के साथ, विकास की मुख्यधारा में लाने को समर्पित है।
योगी सरकार का दूसरे कार्यकाल का होगा तीसरा बजट
योगी सरकार का यह आठवां और दूसरे कार्यकाल का तीसरा बजट होगा। लोकसभा चुनाव को देखते हुए सरकार भाजपा के एजेंडा के अनुरूप बजट के माध्यम से युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों को साधने की कोशिश करेगी। इसमें खासतौर पर गरीबों को आवास मुहैया कराने, हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोलने आदि का ऐलान किया जा सकता है। इसके अलावा बजट में राज्य सरकार जैविक खेती और नई तकनीक को बढ़ावा देने के लिए कुछ बड़े ऐलान कर सकती है।
बजट में लोकसभा चुनाव की छाप दिख सकती है। बजट में केंद्रीय योजनाओं को रफ्तार देने की कोशिश होगी। इसके अलावा युवाओं के लिए चलाई जा रही टैबलेट और स्मार्टफोन योजना के लिए बजट का ऐलान होगा। 2024-25 में सरकार 40 लाख से अधिक युवाओं को स्मार्ट फोन और टैबलेट बांटने के लिए बजट का इंतजाम कर सकती है।
भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प पर आधारित बजट है: खन्ना
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि यह सर्वसमावेशी, सर्वस्पर्शी बजट है, जो वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प पर आधारित है। यह बजट प्रदेश को एक ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था बनाने का मजबूत आधार स्तंभ बनेगा।

Hindi News/ Lucknow / योगी सरकार आज पेश करेगी बजट, 2024 लोकसभा चुनाव को देखते हुए किसानों और महिलाओं पर रहेगी नजर

ट्रेंडिंग वीडियो