scriptCrude के Rude होने से निकला दुनिया का तेल, तीन महीने में इतने बढ़ गए दाम | Crude oil price rise 41 percent in last 3 months | Patrika News
कारोबार

Crude के Rude होने से निकला दुनिया का तेल, तीन महीने में इतने बढ़ गए दाम

वर्ष 2019 में अब तक 33 फीसदी महंगा हुआ ब्रेंट क्रूड
41 फीसदी तक महंगा हो गया अमरीकी लाइट क्रूड वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट
वेनेजुएला और ईरान पर अमरीकी प्रतिबंध से बढ़ रहे हैं दाम

नई दिल्लीApr 03, 2019 / 01:31 pm

Saurabh Sharma

Crude oil price

Crude के Rude होने से निकला दुनिया का तेल, तीन महीने में बढ़ इतने दाम

नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की आपूर्ति घटने की आशंकाओं के बीच फिर कीमतों में तेजी का रुख बना हुआ है। कच्चे तेल के दाम में बुधवार को लगातार चौथे दिन वृद्धि का सिलसिला जारी रहा। प्रमुख तेल उत्पादक देशों के समूह ओपेक द्वारा आपूर्ति में कटौती करने से इस साल कच्चे तेल के दाम में जोरदार उछाला आया है। वर्ष 2019 में अब तक ब्रेंट क्रूड करीब 33 फीसदी महंगा हो गया है। ब्रेंट क्रूड का भाव बुधवार को 70 डॉलर प्रति बैरल के करीब चला गया।

कच्चे तेल के दाम में तेजी जारी
ओपेक और रूस द्वारा कच्चे तेल के दाम को सहारा प्रदान करने के मकसद से उत्पादन में कटौती करने का फैसला लागू होने के बाद से ही कच्चे तेल में तेजी का सिलसिला जारी है। हालांकि बीच में वैश्विक अर्थव्यवस्था में सुस्ती रहने के अनुमानों और अमरीका में तेल के भंडार में वृद्धि के आंकड़ों से कीमतों में तेजी पर बीच में ब्रेक जरूर लगा, लेकिन हर महीने तेल के दाम में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

तीन महीने में 33 फीसदी तक बढ़ गए हैं दाम
दो जनवरी 2019 को ब्रेंट क्रूड का भाव 52.51 डॉलर प्रति बैरल था, जो इस साल का अब तक का निचला स्तर है। जनवरी के आखिर में भाव 61.89 डॉलर प्रति बैरल हो गया। इस तरह जनवरी में ब्रेंट क्रूड के भाव में 15 फीसदी का इजाफा हुआ। मासिक आधार पर देखें तो फरवरी में ब्रेंट क्रूड के भाव में 6.69 फीसदी और मार्च में 3.57 फीसदी की वृद्धि हुई है। अप्रैल में अब तक ब्रेंट क्रूड में 1.93 फीसदी की तेजी दर्ज की गई, जबकि दो जनवरी के भाव के मुकाबले 33 फीसदी की तेजी आई है।

Brent Crude

अमरीकी तेल में आया 41 फीसदी का उछाल
अमरीकी लाइट क्रूड वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट यानी डब्ल्यूटीआई के भाव में इस साल अब तक 41 फीसदी का उछाला आया है। साल की शुरुआत में जनवरी में डब्ल्यूटीआई 44.35 डॉलर प्रति बैरल था, जोकि इस साल का अब तक सबसे निचला स्तर है, जबकि बुधवार को भाव साल के सबसे उपरी स्तर पर 62.89 डॉलर प्रति बैरल हो गया। डब्ल्यूटीआई के दाम में जनवरी में 18.45 फीसदी, फरवरी में 6.38 फीसदी और मार्च में 5.10 फीसदी की तेजी रही। अप्रैल में अब तक डब्ल्यूटीआई में 4.41 फीसदी की तेजी दर्ज की गई है।

WTI

क्रूड आॅयल के दाम बढ़ने के कारण
कच्चे तेल के भाव को वेनेजुएला और ईरान पर अमरीकी प्रतिबंध भी सपोर्ट मिल रहा है। वेनेजुएला और ईरान से तेल की आपूर्ति प्रभावित होने से अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में और तेजी आ सकती है। जिसका भारत के अलावा उन तमाम देशों पर पड़ेगा जो क्रूड आॅयल का आयात काफी मात्रा में करते हैं।

Home / Business / Crude के Rude होने से निकला दुनिया का तेल, तीन महीने में इतने बढ़ गए दाम

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो