
मथुरा के थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित राजकीय संप्रेक्षण गृह में बंद दो बाल बंदियों के रोशनदान तोड़कर भागने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। बाल बंदियों के भागने की सूचना मिलते ही कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। आनन-फानन में दोनों ही बाल बंदियों को पकड़ लिया गया। आरोप है कि इसके बाद राजकीय संप्रेक्षण गृह के शेखर, सोनू और विक्रान्ति नाम के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने खंभे से बांधकर बेरहमी से लाठी-डंडे और बेल्ट से पिटाई की है। दोनों बाल बंदियों ने अपनी जान को खतरा भी बताया है कि उन्हें संप्रेक्षण गृह में ही मारा जा सकता है। दोनों के शरीर पर चोटों के निशान हैं। एंबुलेंस की सहायता से दोनों बाल कैदियों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भी भिजवाया गया।
जब इस पूरे मामले को लेकर जिला प्रोबेशन अधिकारी अनुराग श्याम रस्तोगी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि दोनों बाल बंदियों ने भागने का प्रयास किया था। उनके साथ हुई मारपीट के कारण उनका मेडिकल कराने के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि जो भी कर्मचारी इस मामले में दोषी होगा उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
राजकीय संप्रेक्षण गृह के अधिकारी और कर्मचारी मामले को दबाने में जुटे
बता दें कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व में भी ऐसे कई मामले चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के आ चुके हैं। कर्मचारी जब चाहे जिस बच्चे के साथ मारपीट कर देते हैं। इस बार भी बाल बंदियों के साथ हुई मारपीट को दबाने का पूरा प्रयास किया जा रहा था।
Updated on:
10 Sep 2022, 3:08 PM IST
Published on:
10 Sep 2022, 2:58 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.